Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

30 घंटे के ऑपरेशन के बाद Israeli सेना West Bank के Tubas से लौटी वापस

August 30, 2024

30 घंटे के ऑपरेशन के बाद Israeli सेना West Bank के Tubas से लौटी वापस

रामल्लाह: करीब 30 घंटे के सैन्य ऑपरेशन के बाद इजरायली सेना वेस्ट बैंक के उत्तरी शहर तुबास से वापस लौट गई है। फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने ये जानकारी दी है। गुरुवार को बताया कि चार फिलिस्तीनियों की हत्या और घरों तथा बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के बाद तुबास के दक्षिण में स्थित फारा शरणार्थी शिविर से इजरायली सेना वापस लौट गई है। इस बीच, फिलिस्तीन मौद्रिक प्राधिकरण ने एक प्रेस बयान में कहा कि जेनिन शहर में कुछ बैंक शाखाओं में बैंकिंग सेवाएं बाधित हो गई, क्योंकि इजरायली सेना ने शहर में इंटरनेट केबल नष्ट कर दी।

उसने कहा कि फाइबर केबल की मरम्मत और इंटरनेट सेवाएं बहाल होने के बाद बैंक सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी। फिलिस्तीनी और इजरायली सूत्रों के अनुसार, इजरायली सेना ने बुधवार रात को तुलकर्म, जेनिन और तुबास शरणार्थी शिविरों में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया था। इजरायल का कहना है कि वहां कुछ आतंकवादी इजरायल के खिलाफ ऑपरेशन में शामिल थे, और उनको गिरफ्तार करना जरूरी था।

उधर, फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने बुधवार को कहा कि जेनिन, तुबास और तुलकरम शहरों के साथ-साथ कई कैंप को भी निशाना बनाया गया, जिससे स्थानीय बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। तुबास के दक्षिण में फरा शरणार्थी शिविर पर इजरायली ड्रोन द्वारा किए गए बम विस्फोट में चार युवक मारे गए थे।

बुधवार को, इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ), इजरायल सिक्योरिटी अथॉरिटी और इजरायली पुलिस ने एक संयुक्त बयान जारी किया था, जिसमें कहा गया कि इजरायली सुरक्षा बलों ने तीन शहरों में ‘आतंकवाद विरोधी‘ अभियान चलाया है, जिसमें जेनिन और तुलकरम में पांच ‘सशस्त्र आतंकवादियों‘ और तुबास के फारा शरणार्थी शिविर में चार को मार गिराया गया।

इजरायली मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि उत्तरी वेस्ट बैंक में यह अभियान 2002 के बाद से अपनी तरह का सबसे बड़ा अभियान था। वेस्ट बैंक में 7 अक्टूबर, 2023 से फिलिस्तीनियों और इजरायलियों के बीच तनाव बढ़ रहा है, जब हमास-इजरायल संघर्ष शुरू हुआ था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें