Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

जापान के पुलिस प्रमुख ने करीब 60 साल बाद जेल से रिहा हुए व्यक्ति से माफी मांगी

October 22, 2024

जापान के पुलिस प्रमुख ने करीब 60 साल बाद जेल से रिहा हुए व्यक्ति से माफी मांगी

तोक्यो: जापान के पुलिस प्रमुख ने पूर्व मुक्केबाज इवाओ हाकामादा से सोमवार को माफी मांगी जिन्हें हत्या के एक झूठे मामले में करीब 60 साल तक जेल में रखने के बाद रिहा किया गया है और उन्हें मिली मौत की सजा रद्द कर दी गयी है। हाकामादा (88) को शिजुओका डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने बरी कर दिया।

अदालत ने कहा कि पुलिस और अभियोजकों ने हाकामादा के खिलाफ सबूत गढऩे के लिए साठगांठ की और उन्हें घंटों तक बंद कमरे में चली हिंसक पूछताछ के बाद जुर्म कबूल करने के लिए मजबूर किया। हाकामादा को इस महीने की शुरुआत में बरी किया गया जिससे अपनी बेगुनाही साबित करने की उनकी करीब 60 साल लंबी कानूनी लड़ाई खत्म हो गयी।

शिजुओका प्रांत के पुलिस प्रमुख ताकायोशी सुडा सोमवार को हाकामादा के घर उनसे मिलने पहुंचे तथा उनसे व्यक्तिगत तौर पर माफी मांगी। जब वह कमरे में घुसे तो हाकामादा उनका अभिवादन करने के लिए खड़े हो गए। सुडा ने उनसे कहा, ‘‘हमें खेद है कि गिरफ्तारी के समय से लेकर बरी होने तक पूरे 58 बरस आपको ऐसे मानसिक कष्ट और बोझ का सामना करना पड़ा, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।

हम माफी मांगते हैं।’’ साथ ही उन्होंने मामले की उचित जांच का भी वादा किया। पूर्व मुक्केबाज को एक कंपनी के कार्यकारी और उसके परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के आरोप में अगस्त 1966 में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें शुरुआत में 1968 में एक जिला अदालत ने मौत की सजा सुनायी थी लेकिन बरसों तक चली अपील पर सुनवाई के कारण सजा तामील नहीं की जा सकी।

उच्चतम न्यायालय को उनकी पहली अपील खारिज करने में करीब तीन दशकों का वक्त लगा। हाकामादा दुनिया में मौत की सजा पाने के बाद सबसे लंबे समय तक जेल में रहने वाले कैदी हैं। उनके मामले ने जापान में मौत की सजा को लेकर फिर से बहस और जांच में पारर्दिशता तथा अपील के लिए कानूनी बदलाव की मांग शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें