Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Joe Biden का शरीर दवाओं को ‘‘अच्छी तरह झेल पा रहा’’ है: White House

July 21, 2024

Joe Biden का शरीर दवाओं को ‘‘अच्छी तरह झेल पा रहा’’ है: White House

वांशिगटन: पिछले सप्ताह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन का शरीर कोविड-19 रोधी दवा को ‘‘अच्छे से झेल पा’’ रहा है और वह राष्ट्रपति के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति के चिकित्सक डॉ. केविन सी. ओ’कॉनर ने ‘व्हाइट हाउस’ की प्रेस सचिव कैरीन ज्यां-पियरे को शनिवार को दिए एक ज्ञापन में कहा कि जीनोम अनुक्रमण से यह पता चला है कि बाइडन कोरोना वायरस के केपी.2.3 स्वरूप से पीड़ित हैं।

अमेरिका में सामने आए कोविड-19 के हालिया मामलों में से 33.3 प्रतिशत मामले केपी.2.3 स्वरूप से संक्रमण के हैं। डॉ. ओ’कॉनर ने कहा,‘‘राष्ट्रपति बाइडन ने आज सुबह पैक्सलोविड की छठी खुराक ली। उन्होंने कहा कि बाइडन को खांसी अब भी हो रही है, लेकिन उनकी तबीयत में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है। डॉ. ओ‘कॉनर ने बताया कि बाइडन की नब्ज, रक्तचाप, श्वसन दर और तापमान बिल्कुल सामान्य हैं, कमरे की हवा में उनके शरीर में ऑक्सीजन का स्तर उत्कृष्ट बना हुआ है और उनके फेफड़े साफ हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति का शरीर उपचार को ‘अच्छी तरह से झेल’ पा रहा है और वह योजना के अनुसार पैक्सलोविड (कोविड रोधी गोली) लेना जारी रखेंगे। वह राष्ट्रपति के रूप में अपने सभी कर्तव्यों का पालन करना जारी रखेंगे।’ बाइडन 17 जुलाई को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे, जिसके कारण उनका चुनाव प्रचार अभियान ऐसे समय में बाधित हो गया, जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति एवं इस साल होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के साथ पहली बहस में खराब प्रदर्शन और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण उन पर चुनावी दौड़ से पीछे हटने का दबाव बढ़ रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें