Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

कमला हैरिस भारतीय-अमेरिकियों के लिए आशा और प्रतिनिधित्व का प्रतीक : भुटोरिया

July 29, 2024

कमला हैरिस भारतीय-अमेरिकियों के लिए आशा और प्रतिनिधित्व का प्रतीक : भुटोरिया

वाशिंगटन। डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए चंदा इकट्ठा करने वाले अजय भुटोरिया ने कहा कि उपराष्ट्रपति कमला हैरिस अमेरिका में 44 लाख से अधिक भारतीय-अमेरिकियों के लिए आशा और प्रतिनिधित्व का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हैरिस के राष्ट्रपति प्रचार अभियान का ‘‘जमीनी स्तर पर उत्साह’’ परिणाम दे रहा है। हैरिस (59) अमेरिका में नवंबर में प्रस्तावित राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की संभावित उम्मीदवार हैं। उन्होंने राष्ट्रपति जो बाइडन के इस दौड़ से हटने के बाद पिछले सप्ताह राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा की थी। हालांकि, अभी डेमोक्रेटिक पार्टी ने उन्हें अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

‘हैरिस फॉर प्रेजीडेंट 2024’ के उप राष्ट्रीय वित्त अध्यक्ष अजय भुटोरिया ने रविवार को कहा, ‘‘भारतीय मूल की होने के कारण कमला हैरिस को भारतीय-अमेरिकी समुदाय का अतिरिक्त उत्साह और समर्थन हासिल है। कमला हैरिस की मां भारत में चेन्नई की रहने वाली हैं, इस लिहाज से वह न केवल 44 लाख से अधिक भारतीय-अमेरिकियों के लिए एक प्रत्याशी हैं, बल्कि आशा व प्रतिनिधित्व की प्रतीक भी हैं।’’

भुटोरिया ने एक बयान में कहा, ‘‘ऐतिहासिक रूप से सक्रिय और प्रभावशाली यह समुदाय प्रमुख प्रांत में जीत का अंतर तय करने के लिए तैयार है।’’ हैरिस के प्रचार अभियान दल ने रविवार को घोषणा की थी कि उसने प्रचार अभियान के पहले सप्ताह में 20 करोड़ डॉलर का चंदा जुटा लिया है और 1,70,000 स्वयंसेवकों के हस्ताक्षर हासिल कर लिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें