कराची : पाकिस्तान के कराची स्थित 2 सरकारी अस्पतालों ने कई मासूमों को जानलेवा एचआईवी-पॉजिटिव के जाल में फंसा दिया। स्वास्थ्य महकमे के ढुलमुल रवैये ने एक-एक करके 120 को संक्रमित कर दिया। अब तक 6 बच्चे जान गंवा चुके हैं और इसकी पुष्टि प्रांतीय सरकार ने की है। सिंध कर्मचारी सामाजिक सुरक्षा संस्था (एसईएसएसआई) की ओर से चलाए जाने वाले वालिका अस्पताल में एचआईवी संक्रमण के प्रकोप के बाद, अक्तूबर 2025 से अब तक अस्पताल के आसपास रहने वाले 10,500 से अधिक लोगों की एचआईवी जांच की गई है, जिनमें से 120 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
इंडस अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. अब्दुल बारी और आगा खान यूनिवर्सिटी अस्पताल (एकेयूएच) के डॉ. फैसल महमूद के साथ प्रैस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री ने वालिका अस्पताल में एचआईवी संक्रमण से जुड़े स्क्रीनिंग रिजल्ट साझा किए। उन्होंने बताया कि 19 जून 2026 को प्रांतीय लोकपाल (ओम्बड्समैन) को सौंपी गई दूसरी जांच रिपोर्ट में 78 बच्चों के एचआईवी संक्रमित होने और 6 बच्चों की मौत की पुष्टि की गई है।उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की संचारी रोग नियंत्रण (सीडीसी) इकाई ने 22 अक्टूबर 2025 को वालिका अस्पताल से पत्र मिलने के बाद स्क्रीनिंग अभियान शुरू कर दिया था। मंत्री ने कहा कि 120 लोग एचआईवी पॉजिटिव पाए गए।

