मेलबर्न : आस्ट्रेलिया में मंदिरों में तोड़फोड़ का यह नया मामला सामने आया है जिसमें ब्रिस्बेन में एक प्रमुख मंदिर में खालिस्तान समर्थकों ने शनिवार को तोड़फोड़ की। घटना ब्रिस्बेन के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में हुई। ‘द ऑस्ट्रेलिया टुडे’ वैबसाइट पर मंदिर के अध्यक्ष सतिंदर शुक्ला के हवाले से कहा गया है, मंदिर के पुजारी और भक्तों ने आज सुबह फोन किया और मुझे मंदिर की चारदीवारी को क्षतिग्रस्त किए जाने के बारे में सूचित किया। ‘हिंदू ह्यूमन राइट्स’ की निदेशक सारा गेट्स ने कहा कि नवीनतम तोड़फोड़ ऑस्ट्रेलियाई हिंदुओं को आतंकित करने का एक प्रयास है।
गेट्स ने कहा, यह नवीनतम घटना विश्व स्तर पर सिख फॉर जस्टिस का एक पैटर्न है, जो स्पष्ट रूप से ऑस्ट्रेलियाई हिंदुओं को आतंकित करने का प्रयास है। यह संगठन (खालिस्तानी समर्थक) दुष्प्रचार, साइबर बुलिंग करने के साथ-साथ डराने-धमकाने में लिप्त है। गेट्स ने मंदिर पर हमले के बाद हिंदू समुदाय की एक तस्वीर ट्वीट की। मंदिर समिति के साथ समुदाय के सदस्यों ने हिंदू विरोधी नारे दीवारों से साफ किए। उन्होंने एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया, हिंदुस्तान जिंदाबाद। ऑस्ट्रेलिया में 2 महीने में मंदिरों में तोड़फोड़ की यह चौथी घटना है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों के खिलाफ तोड़फोड़ की बार- बार निंदा की है और ऑस्ट्रेलियाई सरकार के साथ इस मुद्दे को उठाया है।
