Site icon Dainik Savera Times

किम की बहन ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के खिलाफ अत्यंत उग्र कदम उठाने की दी चेतावनी

सियोलः अमेरिका एवं दक्षिण कोरिया द्वारा अपने नियमित सैन्य अभ्यासों का विस्तार किए जाने के बीच उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहन ने मंगलवार को चेतावनी दी कि उनका देश इन दोनों देशों के खिलाफ ‘‘शीघ्र एवं अत्यंत उग्र कदम’’ उठाएगा। इससे एक दिन पहले अमेरिका ने दक्षिण कोरियाई युद्धक विमानों के साथ संयुक्त अभ्यास के तहत कोरियाई प्रायद्वीप में परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम बी-52 बमवर्षक विमान उड़ाया था। अमेरिकी और दक्षिण कोरियाई सेनाएं इस महीने के अंत में अपने सबसे बड़े ‘फील्ड’ अभ्यास को भी फिर शुरू करने की तैयारी कर रही हैं।

सरकारी मीडिया के अनुसार, किम यो जोंग ने एक बयान में कहा, कि ‘हमारी नजरें अमेरिकी बलों और कठपुतली की तरह काम करने वाली दक्षिण कोरियाई सेना द्वारा बेचैनी में उठाए जाने वाले सैन्य कदमों पर लगातार बनी हुई हैं और हम अपनी समझ के अनुसार किसी भी समय उचित, शीघ्र एवं अत्यंत उग्र कदम उठाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।’’ उन्होंने यह नहीं बताया कि उत्तर कोरिया क्या कदम उठाएगा, लेकिन उनका देश अमेरिका और दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यास के जवाब में आम तौर पर मिसाइल परीक्षण करता रहा है। उत्तर कोरिया दोनों देशों के सैन्य अभ्यासों को आक्रमण के पूर्वाभ्यास के रूप में देखता है।

Exit mobile version