Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीनी महावाणिज्यदूत ने कोलकाता चीनी फिल्म महोत्सव के उद्घाटन समारोह में भाग लिया

April 19, 2026

चीनी महावाणिज्यदूत ने कोलकाता चीनी फिल्म महोत्सव के उद्घाटन समारोह में भाग लिया

Kolkata Chinese Film Festival: 17 अप्रैल को भारत के पश्चिम बंगाल में “2026 कोलकाता चीनी फिल्म महोत्सव” का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर चीनी महावाणिज्यदूत शू वेई और पश्चिम बंगाल के नंदन फिल्म केंद्र की प्रमुख शर्मिष्ठा बनर्जी ने संयुक्त रूप से उद्घाटन समारोह में भाग लिया और अपने विचार रखे। समारोह में 500 से अधिक लोग शामिल हुए, जिनमें फिल्म निर्देशक, अभिनेता, कला जगत से जुड़े लोग, कोलकाता स्थित चीनी महावाणिज्य दूतावास के प्रतिनिधि, प्रवासी चीनी नागरिक और आम दर्शक मौजूद थे।

महावाणिज्यदूत शू वेई ने कहा कि लगभग दस वर्ष के अंतराल के बाद फिर से आयोजित हो रहा यह महोत्सव चीन और भारत के लोगों के बीच आपसी समझ और मित्रता को मजबूत करने वाला एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक मंच है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चीन-भारत संबंध लगातार बेहतर हो रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान व सहयोग गहराता जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देश फिल्म क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करेंगे, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को आगे बढ़ाएंगे और द्विपक्षीय संबंधों के स्वस्थ व स्थिर विकास में नई ऊर्जा भरेंगे।

नंदन फिल्म केंद्र की प्रमुख शर्मिष्ठा बनर्जी ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए चीनी वाणिज्य दूतावास का आभार जताया। उन्होंने कहा कि फिल्म, सांस्कृतिक संवाद और समझ को बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है। उनके अनुसार, यह महोत्सव स्थानीय दर्शकों को चीनी संस्कृति को करीब से जानने का एक अहम अवसर देगा और भारत-चीन के बीच आपसी सम्मान व समझ को और सुदृढ़ करेगा।

उद्घाटन समारोह के बाद उपस्थित मेहमानों ने भारत-चीन के संयुक्त निर्माण से बनी फिल्म ह्वेन त्सांग देखी। दर्शकों ने फिल्म की उच्च स्तरीय निर्माण गुणवत्ता और गहरी ऐतिहासिक विषयवस्तु की सराहना की तथा भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट चीनी फिल्में देखने की उत्सुकता व्यक्त की।

यह चीनी फिल्म महोत्सव 17 से 19 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन चीनी वाणिज्य दूतावास, चीन फिल्म अभिलेखागार, चीन फिल्म कला अनुसंधान केंद्र और नंदन फिल्म केंद्र द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें