Site icon Dainik Savera Times

‘कुवैत ने गलती से हमारे तीन फाइटर जेट मार गिराए’, F-15 क्रैश पर अमेरिका का बयान

Kuwait mistakenly shot down three our fighter jets

Kuwait mistakenly shot down three our fighter jets

इंटरनेशनल डेस्क: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी घटना सामने आई है। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड के मुताबिक, ईरान के हमलों के दौरान चल रहे एक सैन्य मिशन में कुवैत की एयर डिफेंस सिस्टम ने गलती से अमेरिकी वायुसेना के तीन F-15E स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमानों को मार गिराया।

क्या हुआ था?

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब ईरान की ओर से बैलिस्टिक मिसाइलों, ड्रोन और लड़ाकू विमानों के जरिए हमले किए जा रहे थे। उसी दौरान कुवैती एयर डिफेंस ने अमेरिकी जेट्स को दुश्मन समझकर निशाना बना लिया। हालांकि राहत की बात यह है कि तीनों विमानों में सवार कुल छह एयरक्रू समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने (इजेक्ट) में सफल रहे। बाद में उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। कुवैत ने इस घटना को स्वीकार किया है। अमेरिकी सेना ने कहा कि जारी सैन्य अभियान में सहयोग के लिए वह कुवैती रक्षा बलों के प्रयासों की सराहना करती है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान जमीन से टकराने से पहले पायलट इजेक्ट कर रहा है। दूसरे वीडियो में स्थानीय लोग और कुवैती अधिकारी एक पायलट को सुरक्षित निकालते नजर आ रहे हैं।

F-15 क्या है? जानिए इसकी खासियत

F-15 ईगल एक आधुनिक, हर मौसम में उड़ान भरने वाला लड़ाकू विमान है। इसे हवा में दुश्मन पर बढ़त (एयर सुपीरियॉरिटी) हासिल करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी मुख्य खूबियां, हाई थ्रस्ट-टू-वेट रेशियो, जिससे तेज रफ्तार और बेहतर संतुलन मिलता है। कम विंग लोडिंग, जिससे यह तेजी से मोड़ ले सकता है। दो ताकतवर टर्बोफैन इंजन। हल्का लेकिन मजबूत ढांचा। लंबी दूरी तक दुश्मन को ट्रैक करने वाला उन्नत रडार। हेड-अप डिस्प्ले (HUD), जिससे पायलट बिना नीचे देखे जरूरी जानकारी देख सकता है। इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और IFF (दोस्त और दुश्मन की पहचान करने की तकनीक)। इन सभी तकनीकों की मदद से F-15 जेट जटिल एयर कॉम्बैट ऑपरेशनों में अहम भूमिका निभाता है।

मिडिल ईस्ट में क्यों बढ़ा तनाव?

यह घटना ऐसे समय हुई है जब मिडिल ईस्ट में हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। अमेरिका और इजरायल की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संघर्ष तेज हो गया है। ईरान ने कई जगहों पर अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है और जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की ‘फ्रेंडली फायर’ घटना से क्षेत्रीय हालात और जटिल हो सकते हैं। हालांकि अमेरिका और कुवैत दोनों ने इस मामले को आपसी समन्वय की गलती बताया है और आगे ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए जांच की बात कही है।

Exit mobile version