इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान में वायु प्रदूषण का संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। सरकारी प्रयासों के बावजूद जहरीले उत्सर्जन पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। रविवार सुबह पाकिस्तान का लाहौर एक बार फिर दुनिया का सबसे प्रदूषित बड़ा शहर बन गया। यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 538 तक पहुंच गया, जो बेहद खतरनाक श्रेणी में आता है। इससे लाखों लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
स्विस एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म IQAir के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार सुबह 9 से 10 बजे के बीच लाहौर का AQI 538 दर्ज किया गया। इस स्तर के प्रदूषण को स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है। पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान लाहौर वैश्विक स्तर पर सबसे प्रदूषित बड़े शहरों की सूची में पहले स्थान पर रहा। वैश्विक प्रदूषण रैंकिंग में पाकिस्तान का कराची 180 AQI के साथ काफी नीचे रहा, जबकि मिस्र की राजधानी काहिरा का AQI 162 दर्ज किया गया। इससे लाहौर में प्रदूषण की गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पंजाब के आठ शहर सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल
प्रदूषण का असर केवल लाहौर तक सीमित नहीं है, बल्कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कई शहर भी इसकी चपेट में हैं। IQAir की रविवार सुबह जारी घरेलू रैंकिंग में पंजाब के आठ शहर पाकिस्तान के 10 सबसे प्रदूषित शहरी केंद्रों में शामिल रहे। लाहौर जिले के काहना नौ में सबसे खराब स्थिति दर्ज की गई, जहां AQI 606 तक पहुंच गया। इसके बाद लाहौर 538, बहावलपुर 536, सरगोधा 392 और गुजरांवाला 347 AQI के साथ प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल रहे। इसके अलावा मुल्तान, डेरा गाजी खान, स्कार्दू, फैसलाबाद और पेशावर भी देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल हैं।
वायु प्रदूषण से हर साल लाखों लोगों की मौत
वायु प्रदूषण का बढ़ता स्तर दुनियाभर में गंभीर स्वास्थ्य संकट बन चुका है। वैश्विक स्वास्थ्य आंकड़ों के अनुसार, बाहरी और घरेलू वायु प्रदूषण हर साल लगभग 81 लाख लोगों की मौत से जुड़ा है। इनमें से करीब 47 लाख मौतों के लिए बाहरी हवा में मौजूद सूक्ष्म कण (PM2.5) जिम्मेदार हैं।
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, लाहौर पिछले कई हफ्तों से लगातार वैश्विक प्रदूषण रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। शनिवार शाम को शहर का AQI 266 दर्ज किया गया था। वहीं, शुक्रवार को भी पंजाब के कई शहरों में घना स्मॉग छाया रहा। लाहौर में सुबह 7 से 8 बजे के बीच AQI 465 तक पहुंच गया था। लगातार बिगड़ती स्थिति ने पंजाब प्रशासन की एंटी-स्मॉग कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, लाहौर ट्रैफिक पुलिस का दावा है कि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।
प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर पुलिस की कार्रवाई
लाहौर के चीफ ट्रैफिक ऑफिसर सैयद अब्दुल रहीम शिराजी ने शनिवार को बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने धुआं छोड़ने वाले 14,653 वाहनों के चालान काटे हैं। इसके अलावा बिना तिरपाल के रेत, मिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री ढोने वाले 10,306 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 31,618 अनफिट और खराब हालत वाले वाहनों पर जुर्माना लगाया, जबकि 2,72,760 ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
1,429 ईंट भट्ठे ध्वस्त, 968 यूनिट सील
इस बीच, पंजाब के पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से भी कार्रवाई की जा रही है। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, विभाग की प्रवर्तन टीमों ने 1 जनवरी से 18 नवंबर के बीच पूरे प्रांत में 84,370 ईंट भट्ठों का निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,429 भट्ठों को ध्वस्त किया गया, जबकि 968 इकाइयों को सील किया गया। इसके अलावा संबंधित मामलों में 1,248 FIR भी दर्ज की गईं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 1 सितंबर से 18 नवंबर तक स्मॉग के सबसे गंभीर दौर में विभाग ने 29,999 निरीक्षण किए। इस दौरान 519 ईंट भट्ठों को ध्वस्त किया गया, 494 को सील किया गया और 408 FIR दर्ज की गईं। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 10.145 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया।
WHO की तय सीमा से 14 गुना ज्यादा PM2.5 स्तर
पाकिस्तान में प्रदूषण की गंभीरता का अंदाजा लंबे समय के आंकड़ों से भी लगाया जा सकता है। 2025 की वर्ल्ड एयर क्वालिटी रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में औसत PM2.5 कंसंट्रेशन 67.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ओर से निर्धारित सालाना सीमा 5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से लगभग 14 गुना अधिक है। रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि पाकिस्तान में वायु प्रदूषण एक गंभीर पर्यावरणीय और सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है। लगातार बढ़ता स्मॉग और जहरीली हवा लोगों के स्वास्थ्य के साथ-साथ देश की पर्यावरण व्यवस्था के लिए भी बड़ी चिंता का विषय है।