Site icon Dainik Savera Times

इक्वाडोर में भारी बारिश के कारण हुआ भूस्खलन, छह लोगों की मौत व अन्य 30 लोग लापता

क्वीटो : मध्य इक्वाडोर में रविवार को भूस्खलन के कारण मलबा एक राजमार्ग पर आ गिरा, जिसमें कम से कम छह लोगों की दबकर मौत हो गई और 30 अन्य लोग लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण देश भर में नदियां उफान पर हैं। शहर के अग्निशमन विभाग के मुताबिक, बानोस शहर में कीचड़ और मलबा पहाड़ी से नीचे खिसक कर तीन कारों, दो घरों और एक बस पर आ गिरा। बानोस को इक्वाडोर का रिसॉर्ट शहर भी कहा जाता है।

अग्निशमन विभाग के उपप्रमुख कैप्टन एंजेल बैरिगा ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि बचावकर्मी नौ घायलों का इलाज कर रहे हैं और आपदा स्थल से छह शव बरामद किए गये जबकि 30 से अधिक लोगों के कीचड़ में फंसे होने की आशंका है। पिछले कई दिन से इक्वाडोर और क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। इस सप्ताह की शुरुआत में एल सल्वाडोर में भूस्खलन में दो बच्चों की मौत हो गई थी। पूरे इक्वाडोर में तूफानों के कारण कीचड़ और बाढ़ का पानी राजमार्गों और पुलों पर जमा हो गया है, जिससे देश को अमेजन के प्रांतों से जोड़ने वाली मुख्य सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

Exit mobile version