Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

Lebanon-Israel War: Israel की Beirut में एयर स्ट्राइक, Palestinian ग्रुप के 3 सदस्यों की हुई मौत

September 30, 2024

Lebanon-Israel War: Israel की Beirut में एयर स्ट्राइक, Palestinian ग्रुप के 3 सदस्यों की हुई मौत

बेरूत। लेबनान में इजरायल के हवाई हमले जारी हैं। राजधानी बेरूत में एक इजरायली एयर स्ट्राइक में पॉपुलर फ्रंट फॉर द लिबरेशन आॅफ फिलिस्तीन के तीन सदस्य मारे गए। यह हमला बेरूत के अल कोला क्षेत्र में एक रेजिडेंशियल बिल्डिंग पर हुआ। 8 अक्टूबर 2023 को हिजबुल्लाह-इजरायल संघर्ष के फैलने के बाद से यह लेबनानी राजधानी पर पहला हमला है।

अल-जदीद ने बताया कि इससे पहले के हमले बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर केंद्रित थे। हमले के बाद, घायलों को ले जाने के लिए एंबुलेंस पहुंची, जबकि नागरिक सुरक्षा दल इमारत से लोगों को निकालने में लगे रहे। घटनास्थल पर लेबनानी सेना को भी तैनात किया गया।

घनी आबादी वाले अल कोला इलाके में इजरायली हवाई हमलों से बचने के लिए विस्थापित लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। लेबनान में इजरायल ने पिछले कुछ दिनों से भारी बमबारी की है। इजरायली आपरेशन को उसके अब तक के सबसे बड़े मिलिट्री अभियानों में से एक माना जा रहा है। इन हमलों में हिजबुल्लाहा का चीफ हसन नसरल्लाह भी मारा गया।

आईडीएफ ने शनिवार को, नसरल्लाह के मारे जाने का ऐलान किया। इसके कुछ घंटों बाद हिजबुल्लाह ने भी अपने नेता की मौत की पुष्टि की। नसरल्लाह, 30 साल की उम्र में 1992 में हिजबुल्लाह का महासचिव बना था। अगले 32 वर्षों में उसने हिजबुल्लाह को न सिर्फ लेबनान बल्कि मध्य पूर्व की एक बड़ी ताकत बना दिया। वह इजरायल का दुश्मन नंबर एक बन गया। आखिरकार शुक्रवार को यहूदी राष्ट्र, अपने सबसे बड़े दुश्मन को खत्म करने में कामयाब रहा।

हिजबुल्लाह-इजरायल में हालिया संघर्ष तब बढ़ गया जब पिछले दिनों लेबनान में हिजबुल्लाह मेंबर्स के पेजर और वॉकी-टॉकी में दो दिन तक ब्लास्ट हुए। जिसमें कम से कम 37 लोग मारे गए और हजारों लोग घायल हो गए। इन हमलों के लिए हिजबुल्लाह ने इजरायल को जिम्मेदार ठहराया लेकिन इजरायल ने इसकी सीधी जिम्मेदारी नहीं ली।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायल ने लेबनान में हिजुबल्ला ठिकानों पर बमबारी जारी रखी है। संघर्ष का बड़े पैमाने पर फैलने का खतरा है। आशंका है कि यह लड़ाई मध्य पूर्व के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें