Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

ली छ्यांग ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज से की वार्ता

October 15, 2024

ली छ्यांग ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज से की वार्ता

14 अक्टूबर को चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भवन में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ के साथ वार्ता की। ली छ्यांग ने कहा कि चीन हमेशा चीन-पाकिस्तान संबंधों को अपनी कूटनीति में प्राथमिकता देता है। चीन पाकिस्तान के साथ दोनों देशों के नेताओं द्वारा पहुंची महत्वपूर्ण सहमति को लागू करने और नये युग में घनिष्ठ साझा भविष्य वाले चीन-पाकिस्तान समुदाय के निर्माण को तेज करने को तैयार है। चीन राष्ट्रीय संप्रभुता और प्रादेशिक अखंडता की रक्षा करने और अपनी राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुरूप विकास पथ अपनाने में पाकिस्तान का दृढ़ता से समर्थन करता है। चीन पाकिस्तान के साथ चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे का “उन्नत संस्करण” बनाने, रेलवे, राजमार्ग, बंदरगाह आदि क्षेत्रों में प्रमुख परियोजनाओं के निर्माण को तेज करने, औद्योगिक एकीकरण विकास को मजबूत करने और कृषि, खनन, सूचना प्रौद्योगिकी, ऊर्जा व अन्य क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को गहरा करने को तैयार है। चीन पाकिस्तान के साथ सक्रिय रूप से आतंकवाद विरोधी सहयोग को बढ़ावा देने और बहुपक्षीय समन्वय और सहयोग को तेज करने का इच्छुक है।

शाहबाज ने कहा कि पाकिस्तान-चीन की दोस्ती उतार-चढ़ाव से गुजरकर अटूट बनी हुई है। पाकिस्तान दृढ़ता से एक-चीन सिद्धांत का पालन करता है, थाइवान, शीत्सांग(तिब्बत) और शिनच्यांग जैसे मूल हितों वाले मुद्दे पर चीन के रुख का दृढ़ता से समर्थन करता है, और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा प्रस्तावित तीन प्रमुख वैश्विक पहलों का पूरा समर्थन करता है। पाक सरकार एक बार फिर हाल ही में पाकिस्तान में हुए आतंकवादी हमलों में चीनी कर्मियों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करती है, और आतंकवाद के खिलाफ लड़ने और पाकिस्तान में चीनी कर्मियों, संस्थानों और परियोजनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करने का वादा करती है। पाकिस्तान चीन के साथ नए युग में घनिष्ठ साझा भविष्य वाले पाकिस्तान-चीन समुदाय के निर्माण को बढ़ावा देने को तैयार है।

बता दें कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ के निमंत्रण पर, चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग 14 अक्टूबर को इस्लामाबाद के नूर खान हवाई अड्डे पर पहुंचे और उनकी पाकिस्तान की आधिकारिक यात्रा शुरू हुई। साथ ही वे शांगहाई सहयोग संगठन के सदस्य देशों के शासनाध्यक्षों (प्रधानमंत्रियों) की परिषद के 23वें सम्मेलन में भाग लेंगे। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ और पाकिस्तान में चीनी राजदूत च्यांग ज़ेइतोंग ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

हवाई अड्डे पर ली छ्यांग ने कहा कि पाकिस्तान चीन का सभी मौसमों के अनुरूप रणनीतिक साझेदार है। 73 साल पहले दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से, दोनों देश हमेशा एक-दूसरे का उच्चस्तरीय विश्वास और दृढ़ समर्थन करते हैं। और चीन-पाकिस्तान संबंध देशों के बीच मैत्रीपूर्ण सहयोग, आपसी लाभ और जीत-जीत का एक मॉडल बन गए हैं। इस वर्ष जून में, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने चीन की यात्रा पर गये प्रधानमंत्री शाहबाज़ से मुलाकात की और नए युग में घनिष्ठ साझा भविष्य वाले चीन-पाकिस्तान समुदाय के निर्माण को बढ़ाने के लिए आगे की योजना बनाई, जिससे द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग के विकास के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

ली छ्यांग ने कहा कि चीन एससीओ के सभी पक्षों के साथ अस्ताना शिखर सम्मेलन के परिणामों को लागू करने, “शांगहाई भावना” को बढ़ावा देने, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करने और एससीओ की ताकत को लगातार बढ़ाने और क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और विकास को बढ़ावा देने में बड़ा योगदान देने को तैयार है।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें