Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत पहुंचे Lionel Messi, फुटबॉलर की एक झलक पाने के लिए उमड़ा फैंस का सैलाब

December 13, 2025

भारत पहुंचे Lionel Messi, फुटबॉलर की एक झलक पाने के लिए उमड़ा फैंस का सैलाब

स्पोर्ट्स डेस्क: अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी भारत दौरे पर हैं। शनिवार तड़के वह कोलकाता पहुंचे। सुबह का समय होने के बावजूद बड़ी संख्या में प्रशंसक उन्हें देखने के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। मेसी के आगमन से पूरे कोलकाता में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। फुटबॉल के लिए मशहूर इस शहर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यहां खेल को लेकर दीवानगी किस कदर है।

लियोनेल मेसी अमेरिका के मियामी से दुबई होते हुए कोलकाता पहुंचे। उनके आने की खबर मिलते ही देर रात से ही हजारों फैंस एयरपोर्ट के बाहर जमा हो गए थे। ‘सिटी ऑफ जॉय’ के नाम से पहचाने जाने वाले कोलकाता में मेसी के स्वागत को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।

ये भी पढ़ें: Weather: देशभर में बढ़ी ठंड की मार, कई राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे का असर

फैंस ने लगाए मेसी के नारे

जैसे ही मेसी एयरपोर्ट से बाहर आए प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग ‘मेसी, मेसी’ के नारे लगाते नजर आए और कई फैंस अर्जेंटीना का झंडा लहराते दिखे। कुछ लोग बैरिकेड्स के पास खड़े होकर अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पाने की कोशिश करते रहे। भीड़ को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट परिसर के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने।

14 साल बाद भारत आए मेसी

मेसी के भारत दौरे के आयोजक सतद्रु दत्ता ने बताया कि मेसी करीब 14 साल बाद भारत आए हैं। इसी वजह से फैंस में जबरदस्त उत्साह है। मेसी के आने से देश में फुटबॉल को लेकर एक बार फिर जोश देखने को मिल रहा है और इससे भारतीय फुटबॉल को भी नई पहचान मिल रही है।

एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करते दिखे फैंस

मेसी के पहुंचने से पहले ही कोलकाता एयरपोर्ट पर फैंस की भारी भीड़ जुट गई थी। कई लोग घंटों से इंतजार कर रहे थे। एक प्रशंसक ने कहा कि वे दो घंटे से मेसी का इंतजार कर रहे हैं और जरूरत पड़ी तो और ज्यादा समय तक भी इंतजार कर सकते हैं, क्योंकि ऐसा मौका जिंदगी में बार-बार नहीं मिलता।

ऐसा रहेगा मेसी का भारत दौरा

लियोनेल मेसी तीन दिन के भारत दौरे पर हैं। उनकी पहली मंजिल कोलकाता है, जिसके बाद वे हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली जाएंगे। कोलकाता में वह सुबह 9:30 से 10:30 बजे के बीच एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें सीमित मेहमान और आयोजक मौजूद रहेंगे। इसके बाद मेसी ऑनलाइन माध्यम से अपनी एक प्रतिमा का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे। हालांकि, फैंस को सबसे ज्यादा इंतजार युवा भारती स्टेडियम में होने वाले एक दोस्ताना फुटबॉल मैच का है। इस मैच को देखने के लिए हजारों दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। मैच के बाद स्टेडियम में फैन इंटरेक्शन कार्यक्रम होगा और इसके बाद मेसी कोलकाता से रवाना होंगे।

जानिए कैसा रहेगा हरियाणा का मौसम, क्या लोग उठाएंगे इस ठण्ड का लुत्फ़,देखें वीडियो

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें