
Local Elections in Sri Lanka: कोलंबो: श्रीलंका की राजनीतिक जमीन पर एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां अनुरा कुमारा दिसानायके के नेतृत्व वाली नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) ने स्थानीय चुनावों में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। एनपीपी अब तक की गिनती में सबसे अधिक स्थानीय परिषदों में जीत दर्ज करने वाली प्रमुख पार्टी बनकर उभरी है, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि देश की जनता एक नई राजनीतिक दिशा में सोच रही है।
हालांकि एनपीपी को कई स्थानों पर बहुमत मिलने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन 200 से अधिक घोषित परिणामों में से 50 से अधिक परिषदों पर पार्टी ने पूर्ण नियंत्रण स्थापित कर लिया है। यह उपलब्धि उस समय और भी महत्वपूर्ण हो जाती है जब देश आर्थिक और सामाजिक अस्थिरता के दौर से गुजर रहा है।
-तमिल क्षेत्रों में आईटीएके की पकड़ बरकरार
श्रीलंका के उत्तर में स्थित तमिल बहुल क्षेत्रों में एक बार फिर इलानकई तमिल अरासु कच्ची (आईटीएके) का वर्चस्व देखने को मिला। पार्टी ने अधिकांश परिषदों में जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक ताकत को बरकरार रखा है। यह क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व देश के राजनीतिक विविधता को दर्शाता है और यह भी बताता है कि स्थानीय मुद्दे आज भी राष्ट्रीय राजनीति पर भारी पड़ सकते हैं।
-संभावित गठबंधनों की अटकलें तेज
एनपीपी की बढ़त के बावजूद कई परिषदों में उसे स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, जिससे संभावित गठबंधनों की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एनपीपी को सत्ता तक पहुंचने के लिए छोटे दलों या स्वतंत्र उम्मीदवारों का समर्थन लेना पड़ सकता है। वहीं, पारंपरिक पार्टियां जैसे यूनाइटेड नेशनल पार्टी और श्रीलंका पोदुजना पेरामुना इन नतीजों से चिंतित नजर आ रही हैं।
-जनता के विश्वास का संकेत
एनपीपी की यह सफलता सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि श्रीलंका की जनता के बदले हुए मूड और नई उम्मीदों का प्रतीक है। यह परिणाम दर्शाते हैं कि पारंपरिक राजनीति से असंतुष्ट मतदाता अब एक वैकल्पिक नेतृत्व की तलाश में हैं, और एनपीपी फिलहाल इस विकल्प के रूप में उभरती दिख रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...