Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

लूला चौथी बार ब्राजील के राष्ट्रपति निर्वाचित, बोल्सोनारो ने नतीजे रद्द करने की मांग की

October 27, 2026

लूला चौथी बार ब्राजील के राष्ट्रपति निर्वाचित, बोल्सोनारो ने नतीजे रद्द करने की मांग की

रियो डी जिनेरियो : अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुखर आलोचक ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा रविवार को चौथी बार राष्ट्रपति निर्वाचित हुए। चुनाव परिणाम से लातिन अमरीका में अमरीका के बढ़ते प्रभाव की आलोचना करने वालों को राहत मिली है। मतगणना में 100 प्रतिशत वोटों की गिनती पूरी होने के बाद ब्राजील के निर्वाचन न्यायालय ने घोषणा की कि जल्द ही 81 वर्ष के होने जा रहे लूला ने अपने प्रतिद्वंद्वी फ्लावियो बोल्सोनारो पर करीब 44 लाख वोटों की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है।

लूला को कुल मतों का 51.8 प्रतिशत मिला। बोल्सोनारो ने हार स्वीकार करने से इंकार कर दिया और चुनाव परिणाम रद्द करने की मांग की। इससे पहले मतदान केंद्रों पर शाम के समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। यह स्थिति मतदान का समय 2 घंटे बढ़ाने के अंतिम समय में लिए गए फैसले के बाद पैदा हुई थी। बोल्सोनारो, पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे हैं। लूला ने 2022 में जायर बोल्सोनारो को हराकर राष्ट्रपति पद हासिल किया था। बोल्सोनारो के पिता को लूला से हारने के बाद तख्तापलट की कोशिश करने के मामले में 27 साल की जेल की सजा सुनाई गई।

अमरीका से स्वतंत्र बने रहने की स्थिति : लूला की जीत लातिन अमरीका में ट्रंप के सहयोगी दक्षिणपंथी राष्ट्रपति उम्मीदवारों के चुनाव जीतने के हालिया रुझान के उलट है। इससे लातिन अमरीका की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में ब्राजील ट्रंप की ओर से लगाए गए बढ़े हुए शुल्कों के दबाव के बावजूद अमरीका से स्वतंत्र बने रहने की स्थिति में होगा। लूला के चुनाव प्रचार अभियान की ओर से जारी एक वीडियो में ब्राजील के निर्वाचन न्यायालय द्वारा दूसरे दौर के चुनाव में उनकी जीत की पुष्टि किए जाने के बाद उन्हें अपनी पत्नी एवं प्रथम महिला रोसांगेला दा सिल्वा और सहयोगियों के साथ जश्न मनाते हुए दिखाया गया।

साओ पाउलो की मुख्य सड़क और रियो डी जेनेरियो के सिनेलैंडिया चौक पर हजारों समर्थकों की भीड़ को संबोधित करते हुए लूला ने ब्राजील की जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने लैंगिक या धार्मिक भेदभाव के बिना सभी ब्राजीलियाई लोगों का सम्मान करने का संकल्प लिया और बोल्सोनारो पर भी निशाना साधा। लूला ने कहा, ‘यह झूठ और सच्चाई को नकारने की प्रवृत्ति की हार है।’ उन्होंने ब्राजील की संप्रभुता की रक्षा के अपने संकल्प को भी दोहराया। लूला पांच जनवरी, 2027 को राष्ट्रपति के रूप में अपना चौथा कार्यकाल शुरू करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें