इटली: इटली के सिसिली द्वीप के पास सोमवार सुबह एक लग्जरी याट बायेसियन डूब गई। 184 फीट लंबी इस याट पर 22 लोग सवार थे। इनमें 10 क्रू मेंबर और अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा के 12 यात्री शामिल थे। याट के मलबे की पहचान कर ली गई है। यह समुद्र में 50 मीटर की गहराई पर मिला है। याट पर तैनात रसोइए की मौत हो गई है और 6 लापता हैं। लापता लोगों में ब्रिटेन के मशहूर सॉफ्टवेयर कारोबारी माइक लिंच और उनकी 18 साल की बेटी हन्ना भी शामिल हैं। कारोबारी लिंच की पत्नी एंजेला बैकारेस को बचा लिया गया है। वह डूबी हुई याट बायेसियन की मालकिन थीं।
याट पर मॉर्गन स्टेनली इंटरनेशनल के अध्यक्ष जोनाथन ब्लूमर और उनकी पत्नी भी सवार थे। उनकी भी तलाश की जा रही है। ब्लूमर लिंच के करीबी दोस्त हैं। कई सालों से लिंच का केस लड़ रहे उनके वकील भी लापता हैं। इटली के तटरक्षक अधिकारी ने बताया कि सुबह 5 बजे तूफान के कारण तेज लहरें उठीं, जिससे नौका डूब गई। नौका सिसिली की राजधानी पलेर्मो से करीब 18 किलोमीटर दूर लंगर डाले खड़ी थी। नौकाओं को तूफानों का सामना करने के लिए डिजाइन किया जाता है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि नौका किन परिस्थितियों में डूबी। अस्पताल में भर्ती चालक दल के सदस्यों से बात करने के बाद ही कुछ जानकारी मिल पाएगी। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हवाओं के कारण नाव का एक मस्तूल टूट गया, जिससे नौका का संतुलन बिगड़ गया और नौका पलट गई।
तटरक्षक अधिकारी ने बताया कि नौका के पास नीदरलैंड की एक और नौका थी, जिसने 15 लोगों की जान बचाने में मदद की। जिन लोगों को जिंदा बचाया गया, उनमें एक साल की बच्ची भी शामिल है, जिसे उसके माता-पिता के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वैज्ञानिक ने कहा- ग्लोबल वार्मिंग के कारण नौका डूबी
इतालवी मौसम विज्ञानी लुका मर्कले ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण यह नौका डूबी होगी। वैज्ञानिक ने बताया कि इटली में कई हफ़्तों तक भीषण गर्मी रही। अब भयंकर तूफ़ान और बारिश हो रही है।
यह ग्लोबल वार्मिंग की वजह से हो रहा है। दुर्घटना के समय सिसिली के आसपास समुद्र की सतह का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज़्यादा है। बड़े तूफ़ानों की वजह भी यही है।

