Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘मकाऊ अंतरिक्ष सपना कार्यक्रम 2026’ सफलतापूर्वक संपन्न

July 12, 2026

‘मकाऊ अंतरिक्ष सपना कार्यक्रम 2026’ सफलतापूर्वक संपन्न

इंटरनेशनल डेस्क: ‘मकाऊ अंतरिक्ष सपना कार्यक्रम 2026’ का पुरस्कार वितरण और समापन समारोह शनिवार को मकाऊ विशेष प्रशासनिक क्षेत्र में आयोजित किया गया। इस अवसर पर करीब 300 अतिथियों, शिक्षकों, छात्रों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

मकाऊ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संघ के अध्यक्ष चुई साई पेंग ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल अंतरिक्ष विज्ञान की शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि मकाऊ के युवाओं में देशभक्ति और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने का भी एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान के माध्यम से मकाऊ के युवा देश की वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धियों को करीब से समझ सकते हैं, आत्मविश्वास बढ़ा सकते हैं और नवाचार के प्रति अपनी रुचि को और मजबूत कर सकते हैं।

जानकारी के अनुसार, इस वर्ष यह कार्यक्रम मई में शुरू हुआ था। इसमें दो प्रमुख गतिविधियां शामिल थीं। पहली थी ‘मकाऊ युवा अंतरिक्ष प्रयोग रचनात्मक डिजाइन प्रतियोगिता’, जो माध्यमिक विद्यालय के छात्रों के लिए आयोजित की गई। इसमें छात्रों ने अंतरिक्ष प्रयोगों की रूपरेखा, पेलोड तकनीक और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़ा प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा अपने नवाचार आधारित डिजाइन प्रस्तुत किए।

दूसरी गतिविधि ‘अंतरिक्ष अनुभव शिविर’ थी, जो प्राथमिक विद्यालय के छात्रों के लिए आयोजित किया गया। इसके तहत छात्रों ने क्वांगतोंग प्रांत के चुहाई शहर में स्थित चुहाई अंतरिक्ष केंद्र का दौरा किया, जहां उन्होंने मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशनों, गहन अंतरिक्ष अन्वेषण और अंतरिक्ष स्टेशनों के बारे में जानकारी हासिल की।

प्रतियोगिता में विजेता बनी माध्यमिक विद्यालय की टीमें अंतरिक्ष विषय पर गहन अध्ययन के लिए पेइचिंग जाएंगी। वहां वे चीन के अंतरिक्ष उद्यमों, संग्रहालयों और विश्वविद्यालयों का दौरा करेंगी। वहीं, स्वर्ण पुरस्कार जीतने वाली टीम अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं पेलोड प्रतियोगिता में मकाऊ का प्रतिनिधित्व करेगी।
मकाऊ तुंग सिन टोंग माध्यमिक विद्यालय की छात्रा फंग ज़ियिन ने कहा कि इस कार्यक्रम ने उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान की बेहतर समझ दी और पाठ्यपुस्तकों से परे बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला।

गौरतलब है कि इस कार्यक्रम का आयोजन मकाऊ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संघ और चीनी अंतरिक्ष सोसायटी ने संयुक्त रूप से किया था। ‘मकाऊ अंतरिक्ष सपना कार्यक्रम’ की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई थी। यह मकाऊ के युवाओं के लिए शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और अनुसंधान को जोड़ने वाली एक विशेष अंतरिक्ष विज्ञान गतिविधि है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें