इंटरनेशनल डेस्क: कंबोडिया से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक यात्री बस पुल से नीचे नदी में गिर गई, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह बस सियेम रीप से राजधानी नोम पेन्ह जा रही थी। सियेम रीप वही शहर है, जहां दुनिया मशहूर अंगकोर वाट मंदिर स्थित है। हादसा गुरुवार सुबह मध्य प्रांत काम्पोंग थॉम में हुआ।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान: केमिकल फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट, 15 लोगों की दर्दनाक मौत
पुलिस अधिकारी सिव सोवन्ना ने बताया कि रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद मृतकों की संख्या 13 से बढ़कर 16 हो गई। शुरुआती जांच में यह संभावना जताई गई है कि बस चालक नींद की झपकी में था, क्योंकि बस रात देर से सियेम रीप से चली थी और सामान्य रूप से यह सफर लगभग 5 घंटे 30 मिनट का होता है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चालक भी मृतकों में शामिल है या नहीं।
बस में करीब 40 यात्री सवार थे और सभी कंबोडियाई नागरिक बताए जा रहे हैं। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कंबोडिया में सड़क दुर्घटनाओं का आंकड़ा भी चिंता बढ़ाने वाला है। लोक निर्माण और परिवहन मंत्रालय के अनुसार, साल 2024 में सड़क हादसों में 1,509 लोगों की मौत हुई थी और साल 2025 के पहले नौ महीनों में ही 1,062 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार बढ़ते हादसों को देखकर सड़क सुरक्षा को लेकर नए कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।
VD : उत्तर-पश्चिमी हवा से हरियाणा में ठंड का डबल अटैक, लुढ़का पारा

