Site icon Dainik Savera Times

New York में बड़ा हादसा, पटरी से नीचे उतरी ट्रेन, 20 से अधिक लोग…

न्यूयॉर्कः न्यूयॉर्क शहर की एक सबवे ट्रेन बृहस्पतिवार को एक अन्य ट्रेन से टकराने के बाद पटरी से उतर गई, जिससे 20 से अधिक लोग घायल हो गए और मैनहट्टन में ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं। प्राधिकारियों ने बताया कि घायलों को मामूली चोटें आई हैं। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और ट्रांजिट अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे करीब 300 यात्रियों को ले जा रही एक ट्रेन और मेट्रोपोलिटन ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी (एमटीए) की सेवा से बाहर एक ट्रेन की 96वें स्ट्रीट स्टेशन पर भिड़ंत हो गई। शहर के आपात प्रबंधन अधिकारियों द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट की तस्वीरों में पटरी बदलने वाले क्षेत्र में यात्री ट्रेन को आंशिक रूप से पटरी से उतरे हुए देखा गया।

अधिकारियों ने बताया कि अभी उपकरण की खामी के कोई संकेत नहीं मिले हैं और जांचकर्ता कोई मानवीय चूक होने की जांच कर रहे हैं। न्यूयॉर्क सिटी की पुरानी सबवे ट्रेन प्रणाली हाल के वर्षों में बिजली कटौती, सिग्नल में दिक्कत और अन्य खामियों को लेकर संघर्ष कर रही है। एमटीए हाल के वर्षों में वित्तीय समस्याओं का भी सामना कर रही है। दमकलकर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन में से यात्रियों को निकाला और एक अन्य ट्रेन में से भी सैकड़ों लोगों को निकाला जो हादसे के कारण सुरंग में रुक गई थी। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने बताया कि सात यात्रियों और चालक दल के एक सदस्य को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दुर्घटनास्थल पर पुलिस समेत आपात सेवाओं के कम से कम 20 वाहनों को देखा गया।

Exit mobile version