इंटरनेशनल डेस्क: जापान में खराब मौसम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बर्फबारी के चलते एक बड़े सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
यह दुर्घटना जापान के एक प्रमुख एक्सप्रेसवे पर हुई, जहां एक के बाद एक दर्जनों गाड़ियां आपस में टकरा गईं और कई वाहनों में आग लग गई।
यह हादसा जापान की राजधानी टोक्यो से करीब 160 किलोमीटर दूर गुन्मा प्रांत के कान-एत्सु एक्सप्रेसवे पर हुआ। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, इस दुर्घटना में 77 साल की एक महिला की मौत हो गई और लगभग 26 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: Bangladesh में कला पर मंडरा रहा खतरा, भीड़ के हमले के बाद रद्द हुआ सिंगर जेम्स का शो
बताया जा रहा है कि साल के अंत में छुट्टियां शुरू होने के कारण बड़ी संख्या में लोग एक साथ यात्रा पर निकल पड़े थे। इसी वजह से हाईवे पर वाहनों की संख्या काफी ज्यादा थी। इसी दौरान अचानक हुई बर्फबारी से सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई और कई गाड़ियां संतुलन खो बैठीं। पहले कुछ वाहन फिसले और आपस में टकरा गए, जिसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक और तेज रफ्तार कारें भी एक के बाद एक हादसे का शिकार होती चली गईं। देखते ही देखते करीब 50 से ज्यादा गाड़ियां इस दुर्घटना में शामिल हो गईं। टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे हालात और भयावह हो गए।
— りく (@Lc2BESpn5JG0MTk) December 26, 2025
हादसे के कारण एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा बंद करना पड़ा। राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद से एक्सप्रेसवे पर फंसी गाड़ियों को हटाने का काम लगातार जारी है। कुछ हिस्सों में यातायात अभी भी रोका गया है। प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना से पहले इलाके में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद लोग यात्रा पर निकल पड़े। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की गई है।
ये भी पढ़ें: Petrol Diesel Price: न्यू ईयर से पहले बड़ी राहत, सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल! जानें नई कीमतें

