Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर बड़ा हमला, ऑटोमैटिक हथियारों से की ताबड़तोड़ फायरिंग

August 6, 2026

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर बड़ा हमला, ऑटोमैटिक हथियारों से की ताबड़तोड़ फायरिंग

क्वेटा: पाकिस्तानी सेना के वाहनों पर एक बार फ‍िर हथियारबंद लोगों ने हमला बोल द‍िया। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित चागई जिले के दरबंदीन क्षेत्र के चाहतर इलाके में हमलावरों ने घटना को अंजाम द‍िया।

बलूचिस्तान पोस्ट ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया कि हमलावरों ने ऑटोमैटिक हथियारों से फायर‍िंग की। चागई में पाकिस्तानी बलों के वाहनों को निशाना बनाए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कई बार फायर‍िंग हुई। अब तक सरकार की ओर से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसी बीच, खरान जिले में अल बाट और पटकान के बीच मुख्य राजमार्ग पर हथियारबंद लोगों ने नाकाबंदी कर दी।

बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, उन्होंने कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया और गुजरने वाले वाहनों की तलाशी ली। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि कई घंटों तक ट्रैफिक बंद रहने के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पिछले हफ्ते बलूच लड़ाकों ने बलूचिस्तान के कई जिलों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और उनके ठिकानों को निशाना बनाकर कई हमले किए थे, जिनमें कई सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने की खबरें आई थीं।

लड़ाकों ने चागई जिले के नोकचाह इलाके में एक काफिले पर गोलीबारी करने के बाद खनिज ले जा रहे कई वाहनों को अपने कब्जे में लेकर आग के हवाले कर दिया। यह घटना बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) की ओर से घोषित तथाकथित ‘आर्थिक नाकेबंदी’ के बीच हुई।बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घोषणा के बाद समूह ने बलूचिस्तान के कई प्रमुख राजमार्गों पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अब तक 200 से अधिक वाहनों को आग लगाई जा चुकी है।

वहीं, एक अलग घटना में नोशकी शहर की ओर जा रहे पाकिस्तानी सेना के एक बड़े काफिले पर किल्ली बट्टो इलाके के पास एन-40 राजमार्ग पर हमला किया गया। इस काफिले में बुलेटप्रूफ वाहन शामिल थे और इसके साथ पुलिसकर्मी भी तैनात थे। रिपोर्टों के अनुसार, इस हमले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के कुछ जवान मारे गए। हालांकि, उनकी सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है। डिप्टी कमिश्नर की सुरक्षा में लगी एक पुलिस गाड़ी भी हमले की चपेट में आई, लेकिन बताया गया है कि अधिकारी को कोई चोट नहीं पहुंची।

यह हमला नोशकी शहर के पास कुछ दिन पहले हुए एक अन्य सैन्य काफिले पर हमले के बाद हुआ है। उस हमले में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे। इसके अलावा, हथियारबंद लड़ाकों ने हरनाई जिले के जिंदा पीर इलाके के पास भी राजमार्ग को कई घंटों तक बंद रखा और वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी ली। बाद में उन्होंने विस्फोटकों का इस्तेमाल कर पास स्थित डेलकोना लेवीज स्टेशन और पान घर क्षेत्र में एक दूरसंचार टावर को उड़ा दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें