Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

ब्राजील में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग माफिया पर ऑपरेशन में 64 की मौत, संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता

October 29, 2025

ब्राजील में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग माफिया पर ऑपरेशन में 64 की मौत, संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता

इंटरनेशनल डेस्क: ब्राजील के रियो डी जनेरियो में ड्रग तस्करों और माफिया गिरोहों पर पुलिस की जबरदस्त कार्रवाई की है। इस अभियान में एक ही दिन में 64 लोगों की मौत हो गई और 81 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना पर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय (UNOHCHR) ने गंभीर चिंता जताई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 2,500 हथियारबंद पुलिसकर्मी रियो के दो इलाकों कॉम्प्लेक्सो दा पेन्हा और कॉम्प्लेक्सो दो अलेमाओ में ड्रग तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान में शामिल हुए। मारे गए लोगों में चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: यूपी-बिहार में अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट, चक्रवात ‘मोंथा’ से दक्षिण भारत में हालात नाजुक

रियो के गवर्नर क्लॉडियो कास्त्रो ने इस मिशन को राज्य के इतिहास का सबसे बड़ा पुलिस अभियान बताया है। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन मादक पदार्थों की तस्करी पर काबू पाने के लिए बेहद जरूरी था।

यूएन ने उठाए सवाल

संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई गरीब समुदायों पर पुलिस अभियानों के घातक असर को दिखाती है और यह चिंता का विषय है। यूएन ने ब्राजील सरकार से मानवाधिकार कानूनों के पालन और इस पूरे मामले की तेज व निष्पक्ष जांच की अपील की है।

ब्राजील सरकार का कहना है कि इस छापेमारी में ‘कोमांडो वेरमेल्हो’ (Red Command) नाम के शक्तिशाली गिरोह को निशाना बनाया गया था। यह गिरोह रियो में अपना दबदबा बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, यह संगठन देश के सबसे बड़े मादक पदार्थ नेटवर्क्स में से एक है।

रियो में दिखे ‘युद्ध जैसे’ हालात

अभियान के दौरान रियो के उत्तरी इलाकों में गोलियों की आवाजें लगातार गूंजती रहीं। कई जगहों पर झड़पों के बीच आग भी लगाई गई, जिससे घना धुआं पूरे इलाके में फैल गया। सड़कें सुनसान हो गईं, दुकानें बंद रहीं और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में छिप गए। स्थानीय पत्रकारों ने हालात को ‘युद्ध जैसा माहौल’ बताया। एक जगह विला क्रुजेरो में पुलिस ने लगभग 20 युवाओं को हिरासत में लिया, जो नंगे पांव और बिना कमीज़ के फुटपाथ पर बैठे दिखे।

ये भी पढ़ें: सोने की कीमतों में भारी गिरावट, चांदी भी हुई सस्ती, जानें आज के ताजा रेट

पर्यटन केंद्र

रियो डी जनेरियो दुनिया भर में एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाता है, लेकिन यहां ड्रग तस्करी और अपराध का नेटवर्क बहुत गहरा है। शहर की गरीब बस्तियों में बड़ी आबादी रहती है, जो अक्सर इन गिरोहों के प्रभाव में आ जाती है।

यूएन की चेतावनी

यूएन ने कहा कि लगातार बढ़ती पुलिस कार्रवाई और मुठभेड़ों से ब्राजील में मानवाधिकारों की स्थिति बिगड़ सकती है। उसने सरकार से आग्रह किया कि ऐसी कार्रवाइयों में अनावश्यक बल प्रयोग से बचा जाए और सभी मौतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें