Site icon Dainik Savera Times

बलूचिस्तान में विद्रोहियों का बड़ा हमला: 12 शहरों में एक साथ हिंसा, 10 सैनिकों की मौत; बैकफुट पर PAK सेना

major-rebel-attack-balochistan-pakistani-army-back-foot

major-rebel-attack-balochistan-pakistani-army-back-foot

इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। बलोच विद्रोही संगठन बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने शनिवार को एक साथ कई शहरों में बड़े हमले किए। इन हमलों में कई पुलिस थानों और सरकारी इमारतों पर कब्जा कर लिया गया। अचानक हुए हमलों से पाकिस्तान की सेना और सुरक्षा बलों को अपने कई पोस्ट छोड़कर पीछे हटना पड़ा। इन हमलों को “ऑपरेशन हेरोफ़” के दूसरे चरण के तहत अंजाम दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, बलूच विद्रोहियों ने करीब 12 से ज्यादा शहरों में एक साथ हमले किए, जिससे पूरे प्रांत में अफरा-तफरी मच गई।

क्वेटा से हमलों की शुरुआत

शनिवार सुबह करीब 6 बजे बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में एक जोरदार धमाके के साथ हमले शुरू हुए। इसके बाद लगभग दो घंटे तक गोलीबारी और कई विस्फोट होते रहे। हमले पाकिस्तानी सुरक्षा बलों, पुलिस, सरकारी इमारतों और अन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए।

कई शहरों में कब्जे का दावा

क्वेटा के अलावा पसनी, मस्तंग, नुश्की, ग्वादर, कलात समेत कई इलाकों में हमलों की खबर है। स्थानीय पत्रकारों और सोशल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हथियारबंद विद्रोहियों ने कुछ शहरों में खुलेआम सड़कों पर उतरकर नियंत्रण बना लिया। मस्तंग में एक पुलिस स्टेशन और शहर के कुछ हिस्सों पर कब्जा और 30 से ज्यादा कैदियों के फरार होने की खबर है। क्वेटा के कई इलाकों में झड़पें व ग्वादर और कलात में भी फायरिंग और संघर्ष जारी है।

 

पुलिस और सेना का बयान

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विद्रोहियों ने क्वेटा में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस और अन्य एजेंसियों ने उन्हें रोक दिया। सरयाब रोड पर हुए हमले में दो पुलिसकर्मियों की मौत हुई। हालात को देखते हुए क्वेटा, सिबी और चमन में मोबाइल कॉलिंग तो चालू रही, लेकिन इंटरनेट डेटा सेवाएं बंद कर दी गईं।

10 सुरक्षाकर्मियों की मौत

पाकिस्तान के जियो न्यूज के अनुसार, अब तक 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई है। वहीं पाकिस्तान सरकार का दावा है कि सुरक्षाबलों ने 58 से ज्यादा विद्रोहियों को मार गिराया है। बलूचिस्तान सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले 48 घंटों में 70 से ज्यादा विद्रोही मारे गए हैं।

 

BLA प्रमुख का वीडियो संदेश

इस बीच, BLA के प्रमुख बशीर जेब बलूच ने एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने बलूच लोगों से घरों से बाहर निकलकर पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ संघर्ष में शामिल होने की अपील की। उन्होंने इसे बलूच आंदोलन का निर्णायक दौर बताया। उन्होंने कहा, “हम चरमपंथी नहीं हैं। हमारी लड़ाई हमारी जमीन और हमारे अधिकारों के लिए है। हम पर कब्जा किया गया है, इसलिए हम लड़ रहे हैं।”

अस्पतालों में इमरजेंसी

हालात को देखते हुए बलूचिस्तान के सभी सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ को अलर्ट पर रखा गया है।

Exit mobile version