Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान में बड़ा आत्मघाती हमला, 15 पुलिसकर्मियों की मौत

Pakistan Suicide Attack

Pakistan Suicide Attack

इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में शनिवार देर रात बड़ा आत्मघाती हमला हुआ। एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी फतेह खेल पुलिस चेकपोस्ट से टकरा दी। धमाका इतना तेज था कि पूरी चेकपोस्ट बुरी तरह तबाह हो गई। इस हमले में 15 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और तीन अन्य जवान घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई पुलिसकर्मी मलबे के नीचे दब गए थे। बचाव दल और सुरक्षा टीमों ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया और कई घंटों की मशक्कत के बाद तीन पुलिस अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

धमाके से आसपास के इलाके में भी नुकसान

बन्नू के डीआईजी सज्जाद खान के मुताबिक, धमाका बेहद शक्तिशाली था और इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। विस्फोट की वजह से आसपास के मकानों और अन्य इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई घरों की छतें तक गिर गईं और इलाके में दहशत फैल गई। घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डीआईजी सज्जाद खान ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली।

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र सदन में पुरानी सरकारी गाड़ियों की जगह खरीदी जाएंगी नई कारें, CM के लिए आएगी बुलेटप्रूफ गाड़ी

मारे गए पुलिसकर्मियों की पहचान

अधिकारियों ने हमले में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर ली है। मृतकों में रहमत अयाज, सनाउल्लाह, नियाज अली, हबीब, सादुल्लाह जान, कामरान, नूरुल्लाह, आबिद जानी, इमरान, कलीमुल्लाह, सादिकुल्लाह, मुनीर आलम खान, राहतुल्लाह खान और फारूक शामिल हैं। वहीं घायल जवानों के नाम मुजरिम फिरोज, हयातुल्लाह और कदरुल्लाह बताए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने की हमले की निंदा

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने इस आत्मघाती हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और घायलों को हर संभव मदद दी जाएगी।

ये भी पढ़ें: ईरानी टैंकरों पर हुए हमलों से भड़का IRGC, बोला- US मिलिट्री सेंटर को बनाएंगे निशाना

बलूचिस्तान में भी बढ़ी हिंसा

इस बीच बलूचिस्तान में भी हिंसक घटनाएं सामने आई हैं। बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट ने राज्य के कई इलाकों में 10 अलग-अलग हमलों की जिम्मेदारी ली है। संगठन का दावा है कि इन हमलों में 10 सुरक्षाकर्मी और चार अन्य लोगों की मौत हुई है। बीएलएफ के प्रवक्ता मेजर ग्वहराम बलूच के अनुसार, उनके लड़ाकों ने खारन, वाशुक, आवारान, केच और मस्तुंग क्षेत्रों में सैन्य ठिकानों, सुरक्षा काफिलों और सड़क निर्माण कार्य में लगे सुरक्षा बलों को निशाना बनाया। संगठन ने यह भी दावा किया कि 3 मई को खारन शहर में एक चेकपोस्ट पर रॉकेट और ग्रेनेड लॉन्चर से हमला किया गया था। इसके अलावा हथियार कब्जे में लेने और निगरानी कैमरे नष्ट करने की बात भी कही गई है।

Exit mobile version