Site icon Dainik Savera Times

UN हेडक्वार्टर के बाहर बाहर तिब्बती झंडे के साथ शख्स ने खुद को लगाई आग, अस्पताल में हुई मौत

un man fire news

न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में स्थित संयुक्त राष्ट्र (UN) मुख्यालय के बाहर गुरुवार शाम एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई।  जहां, एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना के बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे मैनहट्टन के ईस्ट 42वीं-43वीं स्ट्रीट और फर्स्ट एवेन्यू के पास, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक व्यक्ति पहले सड़क किनारे खड़ा हुआ और उसके पास तिब्बत का झंडा था। इसके बाद उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़का और खुद को आग लगा ली। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत बुझाई आग
घटना के तुरंत बाद संयुक्त राष्ट्र के सुरक्षा कर्मी और न्यूयॉर्क पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षाकर्मियों ने अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को तुरंत बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई पूरी घटना
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह पूरी घटना संयुक्त राष्ट्र परिसर के सुरक्षा कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। बताया जा रहा है कि वीडियो में व्यक्ति पहले तिब्बती झंडा लगाता दिखाई देता है और फिर कुछ ही देर बाद खुद को आग के हवाले कर देता है। जांच एजेंसियां अब इन फुटेज की मदद से पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

मौके से मिला विरोध वाला बोर्ड
पुलिस को घटनास्थल से तिब्बत का झंडा और एक बोर्ड भी मिला है, जिस पर अंग्रेजी में “China Out of Tibet” (चीन तिब्बत छोड़ो) लिखा हुआ था। इस वजह से शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह घटना चीन के तिब्बत पर नियंत्रण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन से जुड़ी हो सकती है।

सोशल मीडिया पर तिब्बती कार्यकर्ता होने का दावा
सोशल मीडिया पर कुछ एक्टिविस्ट्स का दावा है कि मृतक एक तिब्बती कार्यकर्ता था। कुछ पोस्टों में यह भी कहा गया है कि घटना से पहले वह फेसबुक पर लाइव आया था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक उसकी पहचान या इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
तिब्बत को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान पहले भी कई बार तिब्बती कार्यकर्ताओं और बौद्ध भिक्षुओं द्वारा आत्मदाह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि, निर्वासित तिब्बती प्रशासन (सेंट्रल तिब्बतन एडमिनिस्ट्रेशन) हमेशा लोगों से ऐसी जानलेवा कार्रवाई न करने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील करता रहा है।

UN की ओर से नहीं आया कोई बयान
घटना के बाद कुछ समय के लिए सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके और फर्स्ट एवेन्यू के कुछ हिस्से को बंद कर दिया गया। फिलहाल न्यूयॉर्क पुलिस और संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। समाचार लिखे जाने तक संयुक्त राष्ट्र की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

 

Exit mobile version