अमेरिका: अमेरिका में पूर्वी टेक्सास के एक अंतरराज्यीय राजमार्ग पर शनिवार को कई वाहनों के आपस में टकरा जाने से 17 लोग घायल हो गए। इस हादसे के कारण एक प्रमुख अंतरराज्यीय राजमार्ग घंटों तक बाधित रहा। टेक्सास के लिंडेल में अग्निशमन प्रमुख जेरेमी लारू ने बताया कि ‘इंटरस्टेट 20’ पर दो ट्रैक्टर-ट्रेलर और छह यात्री वाहनों के बीच टक्कर होने से 17 लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और संभवत: कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है। लारू ने बताया कि यह दुर्घटना शाम करीब चार बजे लिंडेल के पास हुई जो डलास से लगभग 90 मील (144 किलोमीटर) पूर्व में है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के दो घंटे से भी अधिक समय बाद तक ‘इंटरस्टेट 20’ पर यातायात बाधित रहा। पुलिस हादसे के कारणों के संबंध में जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: पद्म सम्मान 2027 के लिए नॉमिनेशन प्रक्रिया शुरू, 31 जुलाई है आखिरी तारीख

