Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

America में खसरे की वापसी: Texas बना प्रकोप का केंद्र, 700 से अधिक लोग हुए बीमार

May 1, 2025

America में खसरे की वापसी: Texas बना प्रकोप का केंद्र, 700 से अधिक लोग हुए बीमार

Measles Returns to America: इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका में खसरे के मामले एक बार फिर चिंता का विषय बन गए हैं। 25 साल पहले इस बीमारी को खत्म मानने वाले देश में अब इसका सबसे बड़ा प्रकोप देखा जा रहा है। खासकर पश्चिमी टेक्सास में हालात गंभीर हो गए हैं, जहां अब तक 700 से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

खसरे की यह वापसी केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि एक चेतावनी है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है। अमेरिका के लिए यह समय है कि वह फिर से टीकाकरण को प्राथमिकता दे और समुदायों में जागरूकता फैलाए, ताकि भविष्य में ऐसी बीमारियां फिर सिर न उठा सकें।

जनवरी 2025 से शुरू हुए इस प्रकोप ने धीरे-धीरे कई राज्यों को अपनी चपेट में ले लिया है। अमेरिकी सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के अनुसार, अब तक पूरे देश में 884 खसरे के मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जो कि पिछले साल की तुलना में तीन गुना से अधिक हैं।

-स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी चेतावनी

विशेषज्ञों का कहना है कि यह प्रकोप अमेरिका की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक चेतावनी है। जहां एक ओर देश ने साल 2000 में खसरे को खत्म करने की घोषणा की थी, वहीं अब टीकाकरण में गिरावट और सामाजिक जागरूकता की कमी के चलते खतरा फिर से बढ़ गया है।

-गेन्स काउंटी बना हॉटस्पॉट

पश्चिम टेक्सास का गेन्स काउंटी इस बार प्रकोप का केंद्र बन गया है, जहां अब तक 396 मामले सामने आ चुके हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बीते सप्ताह की तुलना में इसमें तीन मामलों की बढ़ोतरी हुई है।

-अन्य राज्य भी प्रभावित

टेक्सास के अलावा इंडियाना, कंसास, मिशिगन, मोंटाना, ओहियो, पेंसिल्वेनिया और टेनेसी जैसे राज्यों में भी खसरे के मामले दर्ज किए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि संक्रमण केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है।

-टीकाकरण में गिरावट बनी वजह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि महामारी के बाद बच्चों के टीकाकरण में आई कमी इस प्रकोप का मुख्य कारण बनी है। कई माता-पिता धार्मिक या व्यक्तिगत कारणों से बच्चों को MMR (खसरा, कण्ठमाला, रूबेला) वैक्सीन नहीं दिलवा रहे हैं। नतीजतन, ‘हर्ड इम्युनिटी’ प्रभावित हो रही है, जो सामूहिक सुरक्षा की रीढ़ मानी जाती है।

-स्वास्थ्य एजेंसियों की चेतावनी

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, जब किसी देश में 12 महीने तक खसरे का कोई स्थानीय मामला नहीं आता, तभी उसे खसरा-मुक्त माना जाता है। लेकिन मौजूदा हालात अमेरिका की उस स्थिति को खतरे में डाल सकते हैं, जिसे उसने दो दशकों की मेहनत से हासिल किया था।

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति नियंत्रित नहीं की गई तो यह प्रकोप अगले साल तक भी जारी रह सकता है, जिससे अमेरिका का खसरा-मुक्त दर्जा छिन सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें