इंटरनेशनल डेस्क: मेक्सिको सिटी के दक्षिणी हिस्से में बुधवार को एक भयावह हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया, जब एक गैस टैंकर ट्रक पलटने के बाद उसमें जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में 57 लोग झुलस गए, जिनमें से 19 की हालत नाजुक बताई जा रही है। विस्फोट इतना भयानक था कि आसपास की 18 गाड़ियाँ जलकर राख हो गईं और इलाका धुएँ और आग की लपटों में घिर गया।
घटनास्थल बना चीख-पुकार का मंजर
हादसे के बाद का दृश्य बहुत ही दर्दनाक था। घायलों के शरीर बुरी तरह झुलस गए थे, कुछ के कपड़े शरीर से चिपक चुके थे और वे सड़कों पर मदद की गुहार लगा रहे थे। मेक्सिको सिटी की मेयर क्लारा ब्रुगाडा ने घटनास्थल पर पहुँचकर स्थिति का जायज़ा लिया और इसे “आपातकालीन स्थिति” घोषित किया।
UPDATE: Terrifying moment the gas truck exploded near the Concordia Bridge in Iztapalapa, Mexico City, Mexico this afternoon, sparking a fire and massive emergency response.
Mexico City Mayor Clara Brugada said a preliminary report shows 57 people were injured, including 19 in… pic.twitter.com/43sUwQD1yV
— Volcaholic 🌋 (@volcaholic1) September 10, 2025
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस दर्दनाक हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दिख रहा है कि किस तरह आग का बड़ा गुबार उठा और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। एक वीडियो में दो व्यक्ति बुरी तरह से झुलसे दिखाई दे रहे हैं।
राहत व बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
दमकल कर्मियों और चिकित्सा दलों ने मौके पर पहुँचकर तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सरकारी सचिव सीज़र क्राविओटो ने बताया कि आग पर अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है। हादसा मेक्सिको सिटी से पुएब्ला को जोड़ने वाले व्यस्त हाईवे पर हुआ, जिससे कई घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा।
हादसे की जाँच शुरू
घटना स्थल पर “सिल्जा” नामक ऊर्जा कंपनी का लोगो देखा गया, लेकिन कंपनी ने इससे पल्ला झाड़ते हुए कहा कि उनका संचालन सिर्फ उत्तरी मेक्सिको में है। फिलहाल विस्फोट के कारणों की गहन जाँच की जा रही है।

