Site icon Dainik Savera Times

Mexico Floods: भारी बारिश से मची तबाही… अब तक 41 लोगों की मौत, कई लापता

Mexico Floods : मेक्सिको में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। बता दें कि बाढ़ और भूस्खलन की वजह से कई राज्यों में हालात बिगड़ गए हैं। अब तक 41 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग लापता हैं। हजारों घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और लाखों लोग प्रभावित हैं।

जानकारी के अनुसार, वेराक्रूज राज्य में छह से नौ अक्टूबर के बीच 540 मिलीमीटर (21 इंच से अधिक) बारिश दर्ज की गई, जिससे नदियाँ उफान पर आ गईं और कई इलाकों में जलभराव हो गया। राज्य की तेल नगरी पोजा रिका, जो मेक्सिको सिटी से लगभग 275 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है, सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से एक है। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ से पहले किसी बड़ी चेतावनी का जारी न होना स्थिति को और गंभीर बना गया।

ये भी पढ़े : दक्षिण भारत में मूसलधार बारिश, दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट की संभावना

कई राज्यों में भारी तबाही

मेक्सिको के राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा समन्वय के मुताबिक, राजधानी मेक्सिको सिटी के उत्तर में स्थित हिडाल्गो राज्य में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। इस क्षेत्र के करीब 150 समुदायों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। वहीं, मेक्सिको सिटी के पूर्व में स्थित पुएब्ला राज्य में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है और 16,000 से अधिक घर क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए हैं।

सबसे अधिक नुकसान वेराक्रूज राज्य में हुआ है, जहां 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। यहां सेना और नौसेना की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। वे भूस्खलन और बाढ़ से कटे हुए 42 समुदायों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद कर रही हैं।

लाखों लोग प्रभावित, सैकड़ों लापता

रिपोर्टों के मुताबिक, 27 लोग अभी भी लापता हैं और बचावकर्मी लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं। वेराक्रूज राज्य की 55 नगरपालिकाओं में 16,000 से अधिक मकान पानी में डूब गए या क्षतिग्रस्त हुए हैं। बता दें कि इससे पहले क्वेरेटारो राज्य में भूस्खलन से एक बच्चे की मौत भी दर्ज की गई थी। भारी बारिश और तूफानों के चलते 3,20,000 से अधिक लोगों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। कई इलाकों में सड़कों का संपर्क टूट गया है और परिवहन पूरी तरह ठप है।

ये भी पढ़े : तापमान में मामूली बढ़ोतरी, जानें IMD की आज की रिपोर्ट

अधिकारियों ने बताया कि इस तबाही के लिए मेक्सिको के पश्चिमी तट पर आए उष्णकटिबंधीय तूफान “प्रिसिला” और “रेमंड” जिम्मेदार हैं, जिन्होंने देश के कई हिस्सों में भीषण बारिश और विनाशकारी बाढ़ को जन्म दिया। दरअसल राहत कार्यों में लगी टीमें अब तक हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुकी हैं, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।

Exit mobile version