Site icon Dainik Savera Times

USA में 1,000 से अधिक छात्रों के वीजा पर लगी रोक, कई Students ने ट्रंप प्रशासन के खिलाफ दायर किए मुकद्दमे

USA: अमरीका में 1,000 से अधिक विदेशी छात्रों के वीजा पर हाल के हफ्तों में रोक लगा दी गई है, जिसके बाद कई छात्रों ने ट्रंप प्रशासन के खिलाफ मुकद्दमे दायर करके दलील दी है कि सरकार ने उनसे अमरीका में रहने की अनुमति अचानक वापस ले ली है। अमरीका में रहने की कानूनी अनुमति वापस लेने के संघीय सरकार के फैसले के कारण सैंकड़ों छात्रों के सामने हिरासत में लिए जाने और निर्वासित किए जाने का खतरा पैदा हो गया है। इन छात्रों में हार्वर्ड और स्टैनफोर्ड जैसे निजी विश्वविद्यालयों, मैरीलैंड विश्वविद्यालय व ओहियो स्टेट यूनिवर्सिटी जैसे बड़े सार्वजनिक संस्थानों और कुछ छोटे महाविद्यालयों के छात्र शामिल हैं।

विश्वविद्यालय के बयानों, स्कूल अधिकारियों के साथ पत्रचार और अदालती रिकार्ड की समीक्षा के अनुसार, मार्च के अंत से अब तक 160 कालेजों, विश्वविद्यालयों के कम से कम 1,024 छात्रों के वीजा रद्द कर दिए गए हैं या अमरीका में रहने की उनकी कानूनी अनुमति वापस ले ली गई है। गृह मंत्रलय के खिलाफ दायर मुकद्दमों में छात्रों ने तर्क दिया है कि सरकार के पास उनका वीजा रद्द करने या अमरीका में रहने की कानूनी अनुमति वापस लेने का कोई उचित कारण नहीं है।

कालेजों का कहना है कि कुछ छात्रों को यातायात उल्लंघन जैसे मामूली उल्लंघनों के लिए निशाना बनाया जा रहा है, जिनमें से कुछ घटनाएं बहुत पहले हुई हैं। कुछ मामलों में, छात्रों का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें क्यों निशाना बनाया गया। कोलंबिया विश्वविद्यालय के कार्यकत्र्ता महमूद खलील की हिरासत समेत कुछ चर्चित मामलों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने कहा है कि उसे फिलस्तीन समर्थक गतिविधियों में शामिल होने के कारण गैर-अमरीकियों को निर्वासित करने की अनुमति दी जानी चाहिए।

Exit mobile version