Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप में 250 से ज्यादा लोग हताहत, भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई

November 4, 2023

नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप में 250 से ज्यादा लोग हताहत, भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई

काठमांडू: पश्चिमी नेपाल में शुक्रवार देर रात आए 6.4 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप के बाद 250 से ज्यादा लोगों के हताहत होने की पुष्टि हुई है। काठमांडू पोस्ट ने जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी और अनुसंधान केंद्र के अनुसार नेपाल में भूकंप के तेज झटके कल रात 11 बजकर 47 मिनट पर महसूस किए गए। जिसका केंद्र जजरकोट जिला था। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गयी। प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने सुरक्षा निकायों को तत्काल बचाव और राहत के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ने तीनों सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत बचाव और राहत कार्यों में शामिल होने का निर्देश दिया है और आपदा पर दुख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री कार्यालय से एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा,, “प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने शुक्रवार रात आए विनाशकारी भूकंप में जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है और तत्काल बचाव और राहत के लिए सभी तीन सुरक्षा निकायों को तैनात किया है।” जाजरकोट जिला पुलिस उपाधीक्षक संतोष रोका ने कहा शनिवार तड़के तीन बजे तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जाजरकोट और पश्चिमी रुकुम में भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, अकेले जाजरकोट में 92 लोगों की मौत हुई है और 55 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

उनमें से पांच को सुरखेत के कर्णाली प्रांत अस्पताल ले जाया गया है, जबकि अन्य का जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में इलाज चल रहा है। श्री रोका ने बताया कि मृतकों में नलगढ़ नगर पालिका की उपमहापौर सरिता सिंह भी शामिल हैं। इसके अलावा बरेकोट ग्रामीण नगर पालिका के जिले के रमीडांडा में 44 लोगों की मौत हो गयी और अन्य 70 घायल हुए हैं। इसी तरह प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक पश्चिमी रुकुम में मरने वालों की संख्या 36 तक पहुंच गई है। पश्चिमी रुकुम जिले के पुलिस उपाधीक्षक नमराज भट्टराई ने मृतकों की संख्या में जानकारी दी है। आथबिस्कोट नगर पालिका में 36 लोगों के मरने की सूचना है और सानीभेरी ग्रामीण नगर पालिका में आठ और लोगों की मौत हुई है।

मुख्य जिला अधिकारी सुरेश सुनार ने कहा कि भूकंप से जाजरकोट जिले के भेरी, नलगढ़, कुशे, बरेकोट और चेदागाड बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। जिले के सभी सुरक्षा बलों को खोज और बचाव कार्य में लगाया गया है। इससे पहले 22 अक्टूबर को सुबह सात बजकर 39 मिनट पर काठमांडू घाटी और आसपास के जिलों में भूकंप के तेज झटके लगे थे। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.1 तीव्रता मापी गयी थी, लेकिन क्षति या हताहत की कोई रिपोर्ट नहीं थी। आपदा के बाद के आकलन (पीडीएनए) रिपोर्ट में कहा गया है कि नेपाल दुनिया का 11वां सबसे अधिक भूकंप-प्रवण देश है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें