इंटरनेशनल डेस्क. अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात कई जोरदार धमाकों और गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। स्थानीय लोगों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शहर के अलग-अलग इलाकों में लगातार विस्फोट हुए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी स्पष्ट नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अज्ञात विमानों ने काबुल पर हवाई हमले किए। कुछ ऑनलाइन हैंडल्स का कहना है कि इन हमलों के पीछे पाकिस्तान का हाथ हो सकता है, हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: 6 लाख करोड़ के निवेश से 10,000 कि.मी. के नए एक्सप्रैसवे बना रही है सरकार : Nitin Gadkari
अफगानिस्तान के अंतरिम प्रशासन के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा है कि धमाकों की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही इसकी पूरी जानकारी साझा की जाएगी।
भारत की यात्रा के दौरान धमाके
ध्यान देने वाली बात यह है कि ये धमाके उस समय हुए हैं, जब अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी भारत की यात्रा पर हैं। वे नई दिल्ली में भारत और अफगानिस्तान के बीच आर्थिक और क्षेत्रीय संबंधों को मजबूत करने को लेकर वार्ता कर रहे हैं। यह 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद किसी वरिष्ठ तालिबान नेता की पहली भारत यात्रा है। मुत्ताकी की यह यात्रा छह दिनों तक चलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि तालिबान सरकार इस यात्रा के जरिए भारत समेत क्षेत्रीय देशों से राजनयिक मान्यता प्राप्त करने की कोशिश कर रही है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ता तनाव
इन धमाकों के बाद पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, हाल के दिनों में दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया है, खासकर सीमा विवाद और आतंकवादी समूहों को लेकर। कुछ दिन पहले ही अफगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा पर तालिबान लड़ाकों और पाकिस्तानी सेना के बीच झड़प हुई थी।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में नेशनल असेंबली में बोलते हुए दावा किया था कि अफगानिस्तान के अंतरिम प्रशासन ने पाकिस्तान से फंड की मांग की थी ताकि वे अपने इलाके से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के आतंकियों को दूर रख सकें।
ये भी पढ़ें: मोदी ने वैश्विक कंपनियों को भारत की वृद्धि यात्रा में शामिल होने का दिया न्यौता
उन्होंने अफगान प्रशासन पर यह भी आरोप लगाया कि वह TTP आतंकियों को शरण और समर्थन दे रहा है। आसिफ के मुताबिक, “मैं आईएसआई प्रमुख के साथ काबुल गया था और मैंने अफगान अधिकारियों से साफ कहा कि वे टीटीपी आतंकियों को समर्थन देना बंद करें और उन्हें अपने क्षेत्र से हटाएं।”
जांच जारी
फिलहाल तालिबान प्रशासन ने धमाकों की जांच शुरू कर दी है और शहर में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। काबुल में फिलहाल तनावपूर्ण माहौल है और लोग दहशत में हैं। अफगान सरकार ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

