Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्राकृतिक गैस विस्फोट से इमारत को हुआ भारी नुकसान, 7 लोग घायल

May 29, 2024

प्राकृतिक गैस विस्फोट से इमारत को हुआ भारी नुकसान, 7 लोग घायल

यंग्स्टाउनः ओहायो के यंग्स्टाउन शहर में मंगलवार को एक प्राकृतिक गैस विस्फोट होने से एक इमारत को भारी नुकसान हुआ और सात लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी हैं। डब्ल्यूकेबीएन-टीवी की खबर के अनुसार यंग्स्टाउन में दोपहर दो बजकर 45 मिनट पर विस्फोट हुआ जिससे इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। अग्निशमन कर्मियों ने कुछ लोगों को इमारत से बाहर निकलने में मदद की। इमारत के भूतल में एक बैंक है और कुछ अपार्टमेंट भी हैं।

इस घटना में घायल हुए सात लोगों को यंग्स्टाउन के मर्सी हेल्थ अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि एक व्यक्ति की हालत गंभीर है लेकिन उन्होंने और जानकारी नहीं दी। महोनिंग काउंटी आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्ट में कहा गया कि प्राकृतिक गैस विस्फोट हुआ है और स्थिति नियंत्रण में है। एजेंसी ने लोगों से अगली सूचना तक उस क्षेत्र से दूर रहने को कहा है। निवासियों ने बताया कि उन्होंने जोरदार धमाके की आवाज सुनी और घटनास्थल से धुआं निकलता देखा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें