इंटरनेशनल डेस्क: नेपाल के गृहमंत्री सुधन गुरुंग ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह फैसला अपने खिलाफ लगे गंभीर आरोपों और बढ़ते विरोध के बीच लिया। खास बात यह है कि उन्होंने सिर्फ 26 दिन के छोटे से कार्यकाल के बाद ही पद छोड़ दिया।
क्या हैं आरोप
सुधन गुरुंग पर आरोप है कि उनके विवादास्पद कारोबारी दीपक भट्टा के साथ व्यावसायिक संबंध थे। इसके अलावा उन पर माइक्रो इंश्योरेंस कंपनियों में संदिग्ध निवेश करने के भी आरोप लगे। इन मामलों के सामने आने के बाद राजनीतिक और सार्वजनिक स्तर पर उनके खिलाफ सवाल उठने लगे।
विरोध बढ़ने के बाद लिया फैसला
गुरुंग ने गृहमंत्री बनने के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया था, लेकिन उनके अपने निवेशों को लेकर उठे सवालों ने उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया, जैसे-जैसे विरोध बढ़ता गया, उन पर पद छोड़ने का दबाव भी बढ़ता गया। आखिरकार उन्होंने इस्तीफा देकर विवाद को खत्म करने की कोशिश की। सुधन गुरुंग का कार्यकाल बेहद छोटा रहा। उन्होंने महज 26 दिनों तक ही गृहमंत्री के रूप में काम किया और फिर विवादों के कारण पद छोड़ना पड़ा।
राजनीतिक असर
इस घटनाक्रम ने नेपाल की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। अब यह देखना होगा कि सरकार इस पद के लिए किसे नया गृहमंत्री नियुक्त करती है और आगे इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।

