Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Nepal विमान हादसाः Kathmandu से पोखरा जा रहा विमान क्रैश, 5 भारतीयों सहित सभी लोगों की मौत

January 15, 2023

Nepal विमान हादसाः Kathmandu से पोखरा जा रहा विमान क्रैश, 5 भारतीयों सहित सभी लोगों की मौत

काठमांडूः नेपाल का एक यात्री विमान पोखरा हवाई अड्डे पर उतरते समय रविवार को एक नदी घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे सभी 72 लोगों की मौत हो गई। विमान में 5 भारतीय नागरिकों समेत 72 लोग सवार थे। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएन) ने बताया कि येती एअरलाइंस के 9एन-एएनसी एटीआर-72 विमान ने सुबह 10 बजकर 33 मिनट पर काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। पोखरा इस हिमालयी देश में एक मशहूर पर्यटक स्थल है। खबराें के अनुसार, पोखरा हवाई अड्डे पर उतरते समय विमान पुराने हवाई अड्डे और नए हवाई अड्डे के बीच सेती नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 68 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य सवार थे।

भारतीय दूतावास ने भी 68 यात्रियों में 5 भारतीयों के शामिल होने की पुष्टि की है। इसने ट्वीट किया, ‘‘काठमांडू से आ रहा येती एअरलाइंस का एक एटीआर-72 विमान आज पोखरा हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध सूचना के अनुसार इस विमान में 5 भारतीय नागरिक भी सवार थे। बचाव अभियान जारी है।’’ खबराें के मुताबिक, विमान में सवार 5 भारतियाें के शव बरामद किए गए हैं।

विमान को कैप्टन कमल के सी और सहायक कैप्टन अंजू खातीवाड़ा उड़ा रहे थे। कास्की जिले के मुख्य जिला अधिकारी टेक बहादुर केसी के हवाले से बताया कि विमान सेती नदी घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हुआ और अभी बचाव अभियान चल रहा है। प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ ने दुर्घटना के बाद मंत्री परिषद की आपात बैठक बुलाई है। उन्होंने हादसे पर दुख जताया और गृह मंत्रलय, सुरक्षाकर्मियों तथा सभी सरकारी एजेंसियों को तत्काल बचाव एवं राहत अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट की गईं तस्वीरों और वीडियो में दुर्घटनास्थल से धुआं उठता हुआ दिखाई देता है। नेपाल का अचानक बदलते मौसम और दुर्गम स्थानों पर बनी हवाई पट्टियों के कारण विमान दुर्घटनाओं का बेहद खराब रिकॉर्ड रहा है। देश में पिछली बड़ी विमान दुर्घटना पिछले साल 29 मई को हुई थी जब तारा एअर का एक विमान पर्वतीय मुस्तांग जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें एक भारतीय परिवार के चार सदस्यों समेत इसमें सवार सभी 22 लोगों की मौत हो गई थी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें