Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

नेपाल में दर्दनाक हादसा: ट्यूशन जा रहे 10वीं के छात्रों की स्कूल बस खाई में गिरी, 5 की मौत; 19 लोग थे सवार

October 9, 2026

नेपाल में दर्दनाक हादसा: ट्यूशन जा रहे 10वीं के छात्रों की स्कूल बस खाई में गिरी, 5 की मौत; 19 लोग थे सवार

Nepal School bus accident: नेपाल के पश्चिमी शहर पोखरा में शुक्रवार सुबह एक स्कूल बस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दी। बस सुबह करीब 6:20 बजे कास्की जिले के पोखरा महानगरपालिका के वार्ड नंबर 28 स्थित ओखलेको भीर इलाके में सड़क से फिसलकर नीचे जा गिरी। नेपाली अधिकारियों के अनुसार, यह बस कालिका इंग्लिश बोर्डिंग स्कूल की है।

कास्की जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख पुलिस अधीक्षक नवीन कार्की ने आईएएनएस को बताया क‍ि हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में 17 छात्र, एक अन्य यात्री और चालक सवार थे। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

हादसे का शिकार हुए 10वीं कक्षा के छात्र
कास्की के मुख्य जिला अधिकारी कुमान सिंह गुरुंग ने बताया कि बस में ज्यादातर 10वीं कक्षा के छात्र थे। हादसे के समय वे ट्यूशन क्लास में जाने के लिए यात्रा कर रहे थे।

ये भी पढ़ें- जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस अलर्ट, धारा 163 लागू

 

पिछले कुछ वर्षों में नेपाल में सड़क हादसों की संख्या बढ़ी है। इसके साथ ही सड़कों पर वाहनों की संख्या में भी लगातार इजाफा हुआ है। करीब दस साल पहले नेपाल ट्रैफिक पुलिस ने 4,999 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की थीं।

एक साल में 7,669 सड़क हादसे
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में नेपाल में 7,669 सड़क हादसे हुए, जिनमें 1,900 लोगों की मौत हुई। कुल दुर्घटनाओं में से 278 को गंभीर श्रेणी में रखा गया था। सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का दुष्प्रभाव केवल लोगों की जान खोने तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे अर्थव्यवस्था पर भी बड़ा बोझ पड़ता है।

तीन गुना बढ़ी आर्थिक लागत
विश्व बैंक के एक अध्ययन के अनुसार, नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली चोटों की आर्थिक लागत 2007 के बाद से तीन गुना बढ़ चुकी है और यह देश की सकल राष्ट्रीय आय (जीएनपी) के 1.5 प्रतिशत के बराबर पहुंच गई है। सड़क हादसों का सबसे ज्यादा असर गरीब और कमजोर वर्गों पर पड़ता है।

ये भी पढ़ें- लुधियाना में iPhone 17 Pro चोरी की कोशिश, दुकानदार को एक्टिवा से घसीटा, एक आरोपी गिरफ्तार

 

विश्व बैंक के मुताबिक, नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली 70 प्रतिशत से ज्यादा मौतें पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और मोटरसाइकिल सवारों की होती हैं।

प्रतिनिधि सभा में रोड सेफ्टी बिल पेश
बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए नेपाल सरकार ने प्रतिनिधि सभा में ‘रोड सेफ्टी बिल’ पेश किया है। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और कम करना, निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाना तथा दुर्घटनाओं से होने वाले मानवीय और आर्थिक नुकसान को घटाना है।

बीमा और मुआवजे का प्रावधान
इस विधेयक में सड़क सुरक्षा के लिए संस्थागत व्यवस्था, प्रांतीय और स्थानीय समन्वय समितियां, सुरक्षित सड़क ढांचा, अधिक सुरक्षित वाहन और परिवहन सेवाएं, गति नियंत्रण, सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और जागरूकता, दुर्घटना के बाद बचाव एवं उपचार, बीमा और मुआवजे जैसे प्रावधान शामिल हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें