इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान के पावर प्लांट पर कार्रवाई को फिलहाल 5 दिनों के लिए टालने की बात कही है। इसी बीच इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu ने बताया कि उन्होंने ट्रंप से बातचीत की है। नेतन्याहू के अनुसार ट्रंप का मानना है कि अभी तक अमेरिकी सेना ने जो सफलता हासिल की है, उसका फायदा उठाकर एक ऐसा समझौता किया जा सकता है जिससे युद्ध के लक्ष्य पूरे हो जाएं। उनका कहना है कि यह समझौता इजरायल और अमेरिका दोनों के महत्वपूर्ण हितों की रक्षा करेगा।
इजरायल हमले रोकने के मूड में नहीं
नेतन्याहू ने साफ कहा कि इजरायल अपने हमले नहीं रोकेगा। उन्होंने बताया कि इजरायल लगातार ईरान और लेबनान में कार्रवाई कर रहा है। ईरान के मिसाइल और परमाणु कार्यक्रम को खत्म करने की कोशिश जारी है। लेबनान में हिज्बुल्लाह पर लगातार हमले हो रहे हैं। हाल ही में इजरायल ने दो और परमाणु वैज्ञानिकों को मार गिराने का दावा किया। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल आगे भी हमले जारी रखेगा और किसी भी हाल में अपने देश की सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा।
Hormuz Strait को लेकर अमेरिका का आया फैसला
Donald Trump ने Hormuz Strait को खोलने की समय सीमा को फिर से बढ़ा दिया है और ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमला 5 दिनों के लिए टाल दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ईरान के एक “सम्मानित” नेता से बातचीत कर रहा है। ट्रंप के अनुसार, किसी भी समझौते में ये शर्तें शामिल हो सकती हैं।
ईरान की परमाणु क्षमता खत्म की जाए
अमेरिका को ईरान का समृद्ध यूरेनियम अपने नियंत्रण में लेने की अनुमति मिले।
ईरान ने बातचीत से किया इनकार
दूसरी तरफ ईरान ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी तरह की बातचीत के लिए तैयार नहीं है। ईरान का कहना है कि अमेरिका दबाव में आकर पीछे हट रहा है। यह सब “फेक न्यूज” के जरिए दुनिया को भ्रमित करने की कोशिश है।
बाजार पर पड़ा असर
इस पूरे तनाव का असर वैश्विक बाजार पर भी दिख रहा है। तेल की कीमतों में कुछ गिरावट आई है। शेयर बाजार में थोड़ी तेजी देखी गई। लेकिन निवेशकों के बीच अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है।

