Site icon Dainik Savera Times

Nigeria: ‘स्ट्रीट पार्टी’ में शामिल लोगों को अनियंत्रित कार ने मारी टक्कर, 7 की मौत

अबूजाः दक्षिणी नाइजीरिया में मंगलवार को एक अनियंत्रित कार ‘स्ट्रीट पार्टी’ में पहुंचे लोगों से टकरा गई, जिससे सात लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी हैं। नाइजीरिया की ‘फेडरल रोड सेफ्टी कॉर्प्स’ के अनुसार, क्रॉस रिवर की राजधानी कैलाबार में लोग बाइकर्स परेड देखने के लिए इकट्ठा हो रहे थे, तभी सड़क पर एक चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और वह भीड़ से जा टकराई। इस ‘बाइकर्स शो’ को अफ्रीका की सबसे बड़ी ‘स्ट्रीट पार्टी’ में से एक माना जाता है।

सड़क सुरक्षा कोर के प्रमुख हसन अब्दुल्लाही मायकानो ने बताया कि हादसे के समय कार की रफ्तार बेहद तेज थी। उन्होंने कहा, कि ‘कार अनियंत्रित होकर भीड़ से टकरा गई। कुल 36 लोग उसकी चपेट में आए, जिसमें से 7 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हुए हैं।’’ मायकानो ने बताया कि घायलों में 5 बच्चे और कार चालक भी शामिल हैं।

क्रॉस रिवर के गवर्नर बेन आयडे ने परेड को रद्द करने और चालक को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। गवर्नर के प्रवक्ता क्रिश्चियन इटा ने बताया कि उन्होंने हताहत हुए लोगों तथा उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और जांच के आदेश दिए हैं।

Exit mobile version