नेशनल डेस्क। हाल ही में सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की रहने वाली एक महिला निकिता नागदेव का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद और इंसाफ की मांग करती दिखाई दे रही हैं। निकिता ने अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इस वीडियो में निकिता का कहना है कि उन्होंने 26 जनवरी 2020 को कराची में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विक्रम नागदेव से शादी की थी। विक्रम पाकिस्तानी मूल के हैं, लेकिन लंबे समय से भारत के इंदौर में लांग-टर्म वीजा पर रह रहे थे। शादी के एक महीने बाद यानी 26 फरवरी 2020 को विक्रम निकिता को भारत लेकर आए।
निकिता ने कहा- भारत लाने के बाद बदला पति का व्यवहार
निकिता ने बताया कि भारत आने के बाद कुछ महीनों में ही पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उन्हें अपने ही एक रिश्तेदार के साथ पति के अफेयर की जानकारी मिली। जब उन्होंने यह बात ससुराल में बताई, तो ससुर का जवाब था-लड़कों के अफेयर होते हैं, इसमें कुछ नहीं किया जा सकता।
अटारी बॉर्डर पर छोड़कर पाकिस्तान भेजा
निकिता के अनुसार, 9 जुलाई 2020 को उनके पति ने उन्हें यह कहकर अटारी बॉर्डर पर छोड़ दिया कि वीजा में तकनीकी दिक्कत है और फिर उन्हें वापस पाकिस्तान भेज दिया गया। निकिता कहती हैं इसके बाद विक्रम ने उन्हें कभी भारत वापस बुलाने की कोशिश नहीं की। वे लगातार उनसे अनुरोध करती रहीं, लेकिन विक्रम हर बार मना कर देते थे।
दूसरी शादी की तैयारी का आरोप
पाकिस्तान लौटने के बाद निकिता को पता चला कि विक्रम दिल्ली की एक महिला से गुपचुप दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है। जबकि वे अब भी कानूनी तौर पर उसकी पहली पत्नी हैं।इससे परेशान होकर निकिता ने 27 जनवरी 2025 को लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सोशल मीडिया पर भावुक अपील
अपने वीडियो संदेश में निकिता ने कहा, मैं कराची में अपने माता-पिता के घर रह रही हूं। विक्रम भारत में दूसरी शादी कर रहा है, मुझे न्याय दिया जाए। अगर मुझे इंसाफ नहीं मिला, तो कई महिलाओं का कानून से भरोसा टूट जाएगा। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि वे उनके साथ खड़े हों।
कानूनी कार्रवाई और जांच
निकिता की शिकायत सिंधी पंच मेडिएशन एंड लीगल काउंसिल सेंटर के पास पहुंची। यह सेंटर मध्यप्रदेश हाई कोर्ट द्वारा अधिकृत है।
सेंटर ने क्या कदम उठाए
विक्रम और उसकी कथित दूसरी मंगेतर को नोटिस भेजा। सुनवाई की गई, लेकिन समझौता नहीं हो पाया। 30 अप्रैल 2025 की रिपोर्ट में सेंटर ने कहा दोनों पति-पत्नी भारतीय नागरिक नहीं हैं। इसलिए मामला पाकिस्तान के अधिकार क्षेत्र में आता है। विक्रम को पाकिस्तान भेजे जाने की सिफारिश की गई।
इंदौर सोशल पंचायत में भी हुई सुनवाई
मई 2025 में निकिता ने इंदौर की सोशल पंचायत से भी मदद मांगी। पंचायत ने भी जांच के बाद विक्रम को पाकिस्तान भेजने की अनुशंसा की। इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि
जांच के आदेश दे दिए गए हैं, रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी।

