Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नेतन्याहू ने ट्रंप को किया नॉमिनेट, अमेरिकी राष्ट्रपति हुए हैरान

July 8, 2025

नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नेतन्याहू ने ट्रंप को किया नॉमिनेट, अमेरिकी राष्ट्रपति हुए हैरान

Nobel Peace Prize : इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वाशिंगटन डीसी स्थित व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया। नेतन्याहू द्वारा अचानक की गई इस घोषणा से ट्रंप हैरान रह गए और मुस्कुराते हुए कहा- मुझे नहीं पता था। ट्रंप-नेतन्याहू की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब गाजा में संघर्ष विराम को लेकर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ रहा है।

नेतन्याहू ने पत्रकारों के सामने ट्रंप के शांति प्रयासों की तारीफ करते हुए कहा, ‘मैं न केवल इजराइलियों बल्कि यहूदी समुदाय और दुनिया भर के लाखों प्रशंसकों की ओर से आपके (ट्रंप) नेतृत्व की प्रशंसा और सम्मान करता हूं। आपने न केवल मुक्त विश्व का नेतृत्व किया है, बल्कि न्याय के पक्ष में शांति और सुरक्षा की दिशा में मजबूत कदम भी उठाए हैं।’

नेतन्याहू ने ट्रम्प को सौंपा पत्र-
इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप पहले भी कई बड़े मौकों पर सकारात्मक भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने अब्राहम समझौते को संभव बनाया। ट्रंप एक के बाद एक देश और क्षेत्र में शांति स्थापित कर रहे हैं। इसलिए मैं आपको वह पत्र सौंप रहा हूं, जो मैंने नोबेल पुरस्कार समिति को भेजा था। इस पत्र में मैंने आपको शांति पुरस्कार के लिए नामित किया है और यह पूरी तरह से आपका सम्मान है।’

ट्रम्प ने किया धन्यवाद-
नामांकन पत्र प्राप्त करने के बाद ट्रंप ने जवाब दिया, ‘बहुत-बहुत धन्यवाद। मुझे यह नहीं पता था। वाह! बहुत-बहुत धन्यवाद।’ डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हुई मुलाकात को एक निजी डिनर बताया गया, जिसमें कैमरों के सामने कोई लाइव कवरेज या लंबी बातचीत नहीं हुई। दोपहर में नेतन्याहू ने ट्रंप के मध्य पूर्व सलाहकार स्टीव विटकॉफ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो से भी मुलाकात की।

गुरुवार तक वाशिंगटन में रहेंगे नेतन्याहू-
ट्रंप ने मीडिया से कहा कि उन्हें जल्द ही गाजा में युद्ध विराम की उम्मीद है। स्टीव विटकॉफ इस सप्ताह दोहा का दौरा कर रहे हैं। दूसरी ओर, नेतन्याहू गुरुवार तक वाशिंगटन में रहेंगे, जहां वे अमेरिकी सांसदों से मुलाकात करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें