Site icon Dainik Savera Times

North Korea ने South Korea पर प्योंगयांग के ऊपर ड्रोन उड़ाने का लगाया आरोप

प्योंगयांग: उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रलय ने शुक्रवार को दक्षिण कोरिया पर प्योंगयांग के ऊपर ड्रोन उड़ाने का आरोप लगाया। यह जानकारी आधिकारिक कोरियाई सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने दी। केसीएनए के अनुसार, उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रलय ने शुक्रवार शाम को एक बयान जारी कर कहा कि दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया विरोधी अधिप्रचार सूचनापत्र गिराने के लिए हाल ही में कई बार ड्रोन भेजे हैं, जिन्हें तीन, नौ और 10 अक्टूबर की रात में प्योंगयांग में गिराया गया है।

बयान में उत्तर कोरिया के हवाई क्षेत्र में घुसपैठ के लिए दक्षिण कोरिया की निंदा की गई और इन घटनाओं को उत्तर कोरिया की संप्रभुता का घोर उल्लंघन और गंभीर उकसावा कहा गया। बयान में कहा गया कि उत्तर कोरिया की सेना तदनुसार तैयारी कर रही है। दक्षिण कोरिया की सेना ने शुक्रवार को आरोप से इनकार करते हुए कहा कि उसने उत्तर कोरिया में ड्रोन नहीं भेजे हैं। योनहाप समाचार एजेंसी ने दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के हवाले से कहा कि दक्षिण कोरियाई सेना ने उत्तर कोरिया के ऊपर कोई मानवरहित ड्रोन नहीं भेजा।

Exit mobile version