Site icon Dainik Savera Times

North Korea ने अपनी राजधानी में दक्षिण कोरियाई ड्रोन के अवशेष मिलने का किया दावा

सियोल: उत्तर कोरिया ने शनिवार को दावा किया कि उसे अपनी राजधानी प्योंगयांग में एक तलाश अभियान के दौरान एक दक्षिण कोरियाई ड्रोन के अवशेष मिले हैं जिससे यह साबित होता है कि इस महीने की शुरुआत में शहर के हवाई क्षेत्र में ड्रोन की कथित घुसपैठ के पीछे दक्षिण कोरिया की सेना का हाथ था। उत्तर कोरिया ने कुछ तस्वीरें जारी कीं, जिनमें एक क्षतिग्रस्त विमान दिख रहा है, जिसके चौड़े, वी-आकार के पंख हैं।

उसने कहा कि उत्तर कोरिया की सेना और सरकारी सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त जांच से निष्कर्ष निकला है कि 13 अक्टूबर को मिला ड्रोन वैसा ही है, जैसा ड्रोन अक्टूबर की शुरुआत में दक्षिण कोरियाई सैन्य परेड में दिखाई दिया था। उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया पर आरोप लगाया है कि उसने इस महीने तीन बार रात के समय प्योंगयांग के हवाई क्षेत्र में ड्रोन उड़ाकर उत्तर कोरिया का विरोध करने वाले पर्चे गिराए। उसने धमकी दी है कि अगर ऐसा दोबारा हुआ तो वह बलपूर्वक जवाब देगा।

उत्तर कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि प्योंगयांग में कथित रूप से पाया गया ड्रोन संभवत उन ड्रोन में से एक है जिनका उपयोग पर्चे गिराने के लिए किया गया था, लेकिन इसकी पुष्टि के लिए अभी और जांच की आवश्यकता है। मंत्रालय ने कहा कि अगर दक्षिण कोरिया इस बात से इनकार करता है कि विमान का इस्तेमाल पर्चे गिराने के लिए किया गया था तो यह दक्षिण कोरिया की सेना द्वारा उत्तर कोरिया के हवाई क्षेत्र में एक अन्य घुसपैठ की बात को स्वीकार करना होगा।

उसने कहा कि अगर उत्तर कोरिया, दक्षिण कोरिया की सेना द्वारा अपनी क्षेत्रीय जमीन, हवाई क्षेत्र और जल क्षेत्र का एक और उल्लंघन किए जाने की पुष्टि करता है, तो इसे ‘‘युद्ध की घोषणा’’ माना जाएगा और तत्काल जवाबी हमला किया जाएगा। दक्षिण कोरिया की सेना ने ड्रोन संबंधी उत्तर कोरिया की रिपोर्ट पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

Exit mobile version