सामान्य रुप से किसी भी भू-भाग में आर्थिक गतिविधियों को तीन श्रेणियों में बांटा जाता है। पहला प्राथमिक क्षेत्र, जिसमें कृषि और ज़मीन से निकलने वाले मूलभूत और कच्चे माल से जुड़ी चीज़ों को रखा जाता है। दूसरा द्वितिक या माध्यमिक क्षेत्र जिसमें कच्चे माल और कई अन्य चीज़ों को फैक्ट्रियों में निर्माण किया जाता है, इसे मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र भी कहा जाता है और तीसरा या तृतीयक क्षेत्र, सेवा क्षेत्र होता है, जिसमें किसी भी तरह की सेवा को रखा जाता है। आजकल कार्य करने वाले कई कर्मियों और तकनीक का सेवा क्षेत्र में जमकर इस्तेमाल किया जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और 5 और 6 जी तकनीक के आने के बाद सेवा क्षेत्र में भी तकनीक का भरपूर इस्तेमाल देखा जा रहा है। चाहे होटल इंटस्ट्री का सेवा क्षेत्र हो या घर पहुंच सुविधा वाली सेवाओं का सेवा क्षेत्र, हर जगह रोबोट को काम करते हुए या स्वाचालित उड़ते हुए ड्रोन को काम करते हुए देखा जा सकता है। जैसा कि नाम से ही विदित है सेवा क्षेत्र में आम और खास दोनों को ही लगने वाली सभी तरह की सेवाओं को शामिल किया जाता है और मौजूदा आर्थिक गतिविधियों में इसका हिस्सा बढ़ता जा रहा है।
इसी सेवा क्षेत्र से जुड़ी कई अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों ने पिछले पांच दिनों से चीन की राजधानी पेइचिंग में चल रहे चीनी अंतर्राष्ट्रीय सेवा व्यापार मेले-2023 (सिफटिस- CIFTIS) के दौरान अपनी सेवाओं और उत्पादों को सभी के सामने रखा और इस मेले में सेवा क्षेत्र के वैश्विक व्यापार की झलक भी देखने को मिली। 2 सितंबर को उद्घाटित हुए इस व्यापार मेले में सेवा से जुड़े 12 मुख्य सेक्टरों को शामिल किया गया, जिसमें यातायात संबंधित सेवाएं, ट्रेवल या पर्यटन संबंधित सेवाएं, निर्माण सेवाएं, बीमा सेवाएं, वित्तीय सेवाएं, टेलीकम्यूनिकेशन, कंप्यूटर और सूचना सेवा, इंटेलेक्चुअल प्रापर्टी यानी बौद्धिक संपदा की रायल्टी से जुड़ी सेवाएं, निजी सेवाएं, सांस्कृतिक सेवाएं, मनोरंजक सेवाएं, रख रखाव और मरम्मत संबंधित सेवाओं के अलावा व्यापार से जुड़ी सेवाएं, किसी भी कार्य के निष्पादन से जुड़ी सेवाएं और शासकीय सेवाओं जैसे सेक्टर सभी शामिल हुए।
इस मेले के दौरान सभी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों ने चीन के बाजार में अपनी व्यापारिक सेवा संबंधित व्यापारिक गतिविधियों चलाने का प्रस्ताव भी रखा और चीन के आमजन के सामने विभिन्न सेक्टरों में दी जा रही सेवाओं की विशेषताएं भी प्रस्तुत की। इस दौरान दर्शकों ने सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रदर्शनी को भी देखा और लोग इस प्रदर्शनी की तरफ आकर्षित भी हुए।
इस बार ब्रिटेन की अतिथि देश के रुप में मौजूदगी विशेष तौर पर इस मेले में रही और ब्रिटेन की कॉपीराइट प्रबंधन सेवा प्रदाता कंपनियों हों या वैश्विक खेल और मनोरंजन से जुड़ी सेवा प्रदाता कंपनी सभी ने अपने प्रस्ताव रखे। इस मेले की लोकप्रियता इसी बात से समझी जा सकती है कि करीब एक दशक पहले से, जब से इस मेले की शुरुआत हुई थी, करीब डेढ़ सौ से अधिक देश इस मेले में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं। इस वर्ष भी करीब 50 से अधिक देशों के व्यापारिक प्रतिनिधियों ने इस मेले में हिस्सा लिया। सिर्फ विदेशी ही नहीं बल्कि चीन की घरेलू कंपनियों की नवाचार और आधुनिक तकनीक से जुड़ी सेवाओं की इस मेले के दौरान चर्चा रही। चाहे पर्यटन का सेवा क्षेत्र हो या बीमार मरीजों की रोबोट द्वारा देखभाल का नया तकनीकी आईडिया, चीन की घरेलू सेवा प्रदाता कंपनियां भी अपनी-अपनी विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में अपने नवीनतम उत्पादों को रोचक अंदाज में पेश करते हुए दिखाईं दीं। इलेक्ट्रिक कारों से लेकर ड्रोन की सेवा प्रदाता कंपनियों ने भी अपने-अपने नए मॉडलों को इस मेले में सभी के सामने रखा।
इस सेवा व्यापार मेले की थीम ने भी सभी को प्रभावित किया जिसमें खुलेपन और आपसी सहयोग को ही भविष्य के विकास के लिए जरूरी बताते हुए सभी के फायदे की बात की गई थी।
(रिपोर्टर—विवेक शर्मा)

