Site icon Dainik Savera Times

समुद्र के बीच जहाज में लगी भीषण आग, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी नौसेना; जानें ताजा अपडेट्स

World News in Hindi

इंटरनेशनल डेस्क : ओमान की खाड़ी में एक जहाज में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। भारतीय नौसेना को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। नौसेना ने आग पर काबू पाने में स्टील्थ फ्रिगेट INS तबार को मौके पर रवाना किया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में नौसेना ने नाविकों को भी उतारा है। बताया जा रहा है कि यह जहाज भारत के गुजरात राज्य के कांडला पोर्ट से ओमान के शिनासा के लिए रवाना हुआ था।

इसमें चालक दल समेत 14 भारतीय सवार थे। बताया जा रहा है कि जहाज के इंजन रूम में आग लगी थी, जिसके बाद लपटें सभी तरफ फैल गईं। जहाज का इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम भी तबाह हो गया है। इसके बाद आग लगने की जानकारी इंडियन नेवी को मिली।

ऑपरेशन में जुटे 13 कर्मचारी

बताया जा रहा है कि चालक दल के 5 और इंडियन नेवी के 13 कर्मी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं। सूत्रों के मुताबिक आग पर लगभग काबू पाया जा चुका है। शुरुआत में आग की लपटें काफी तेजी से फैलीं। बाद में हालात काबू में कर लिए गए।

जानें क्या होता है स्टील्थ फ्रिगेट

भारतीय नौसेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन में अपने स्टील्थ फ्रिगेट पोत को तैनात किया है। नौसेना से जुड़े सूत्रों के मुताबिक स्टील्थ फ्रिगेट वह जहाज होता है, जो दुश्मन की निगरानी प्रणाली या रडार को आसानी से चकमा दे देता है। यह आसानी से नजर नहीं आता है। इसे खास तरीके से डिजाइन किया जाता है।

मदद के मिला था मैसेज

नौसेना के सूत्रों के अनुसार एमटी यी चेंग 6 पर मदद के लिए मैसेज आया था। इसके बाद ही स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस तबार को मौके पर रवाना किया गया था। यह जहाज हादसे के समय ओमान की खाड़ी में ही मौजूद था।

बताया जा रहा है कि नौसेना की त्वरित कार्रवाई की वजह से एक बड़ी घटना पर समय रहते काबू पा लिया गया। यदि आग और विकराल होती तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। इससे पर्यावरण पर भी गहरा नुकसान पड़ सकता था।

Exit mobile version