Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान के केपी प्रांत में जबरदस्त धमाका, 7 की मौत और 23 घायल, मचा हड़कंप

Pakistan blast

Pakistan blast

Pakistan blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा स्थित लक्की मरवत की सराय नौरंग तहसील में मंगलवार को एक जबरदस्त धमाका हुआ। इस धमाके में दो पुलिसकर्मियों समेत 7 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय पुलिस के हवाले से मीडिया ने ये जानकारी दी। एक समाचार पत्र के अनुसार जिला पुलिस अधिकारी के प्रवक्ता कुदरतुल्लाह खान ने एक बयान में कहा कि इस घटना में 23 अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

घटना की प्रकृति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोटक से लदा लोडर रिक्शा खड़ा था या किसी आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। फिलहाल बम निरोधक दस्ते के विशेषज्ञ विस्फोट की प्रकृति का पता लगाने में जुटे हैं।” उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों की पहचान आदिल जान और राहतुल्लाह के रूप में की। आगे कहा कि शवों को तहसील मुख्यालय अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि कुछ घायलों को बन्नू के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक किशोरी और एक महिला भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- CM बनने के बाद विजय के धड़ाधड़ बड़े फैसले, अब बंद की शराब की दुकानें, ये था कारण

 

जुटाए जा रहे हैं सबूत
प्रवक्ता ने बताया, “ट्रैफिक पुलिस वॉर्डन हमेशा की तरह व्यस्त चौक पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। वो बन्नू और डेरा इस्माइल खान के बीच यातायात को नियंत्रित कर रहे थे।” सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में विस्फोट के कारण कई दुकानों और तीन पहिया वाहनों के परखच्चे उड़ते दिखे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौरंग सर्कल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। टीम ने इलाके को घेर लिया और सबूत जुटाए जा रहे हैं।

घटनास्थल पर पहुंची एम्बुलेंस और बचाव दल
इससे पहले, रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता शाहदाब खान ने विस्फोट की पुष्टि करते हुए कहा था कि “एम्बुलेंस और बचाव दल को घटनास्थल पर भेज दिया गया है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बचाव एजेंसियों के साथ सहयोग करें और विस्फोट स्थल से दूर रहें।

प्रांतीय सरकार की ओर से सहायता देने का वादा
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहैल अफरीदी ने घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक (IGP) से रिपोर्ट तलब की। उन्होंने जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया और मृतक परिजनों को प्रांतीय सरकार की ओर से “पूर्ण सहायता” देने का वादा किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को समुचित मेडिकल केयर दी जाए।

ये भी पढ़ें- Work From Home से लेकर Petrol-Diesel कम इस्तेमाल व सोना खरीदने से बचने तक… PM मोदी क्यों कर रहे देश से ये बड़ी अपील

पहले भी हो चुका है आत्मघाती हमला
यह घटना उस आत्मघाती हमले के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें शनिवार रात बन्नू के फतेह खेल पुलिस पोस्ट पर हुए हमले में करीब 15 पुलिसकर्मी मारे गए थे। सोमवार को अफगान प्रभारी राजदूत को तलब कर बन्नू हमले को लेकर “कड़ा विरोध पत्र” सौंपा गया था। विदेश कार्यालय के अनुसार, “जांच में पता चला कि इस हमले की साजिश अफगानिस्तान में रह रहे आतंकवादियों ने रची थी।”

Exit mobile version