इंटरनेशनल डेस्कः अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक बड़ा हवाई हमला होने की खबर सामने आई है। जहां, अफगानिस्तान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के अनुसार, इस हमले में एक ऐसे अस्पताल को निशाना बनाया गया जहां नशे की लत से पीड़ित लोगों का इलाज किया जाता था। फितरत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके बताया कि हमले के बाद अस्पताल का बड़ा हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया।
मरने वालों की संख्या 400 तक पहुंची
अफगान अधिकारियों के अनुसार इस हमले में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक लगभग 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 250 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बचाव दल और दमकल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम कर रहे हैं। कई शव अभी भी इमारत के मलबे में दबे होने की आशंका है।
अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह
अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने बताया कि हमले में अस्पताल की इमारत को भारी नुकसान हुआ है और उसका अधिकांश हिस्सा ढह गया है। स्थानीय टीवी चैनलों पर प्रसारित वीडियो में दमकल कर्मियों को मलबे के बीच आग बुझाने के लिए संघर्ष करते हुए देखा गया। अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने भी घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए।
पाकिस्तान ने आरोपों से किया इनकार
दूसरी ओर पाकिस्तान ने अस्पताल पर हमला करने के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने कहा कि काबुल के किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने भी एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान की सेना ने केवल आतंकवादी ठिकानों पर कार्रवाई की है, न कि किसी नागरिक स्थान पर।
आतंकवादी ठिकानों पर कार्रवाई का दावा
पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय के अनुसार सेना ने काबुल और नंगरहार में मौजूद अफगान तालिबान और पाकिस्तान विरोधी आतंकवादी संगठनों के ठिकानों को निशाना बनाया था। मंत्रालय ने कहा कि इन ठिकानों में सैन्य प्रतिष्ठान, तकनीकी उपकरण और गोला-बारूद के भंडार मौजूद थे और इनका इस्तेमाल पाकिस्तानी नागरिकों पर हमले करने के लिए किया जा रहा था।
सीमा पर तनाव के बीच हुआ हमला
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव बढ़ा हुआ है। अफगान अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में हाल ही में दोनों देशों के बीच गोलीबारी हुई थी, जिसमें अफगानिस्तान के चार लोगों की मौत हो गई थी। दोनों पड़ोसी देशों के बीच चल रहा यह संघर्ष अब तीसरे सप्ताह में पहुंच चुका है और इसे पिछले कई वर्षों में सबसे गंभीर टकराव माना जा रहा है।