Pakistan earthquake today : पाकिस्तान में रविवार को 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप सुबह करीब 3:54 बजे महसूस किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र अक्षांश 30.25 डिग्री उत्तर, देशांतर 69.82 डिग्री पूर्व में था। भूकंप 150 किलोमीटर की गहराई पर आया।
घरों की दीवारों में आई दरारें
भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लोग खुली जगहों की ओर भागे। भूकंप में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, कुछ घर क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, कुछ घरों की दीवारों में दरारें देखी गई हैं। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां स्थिति पर नजर रख रही हैं।
लगातार आ रहे भूकंप-
इससे पहले, 12 मई को पाकिस्तान में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था। 10 मई की सुबह 4.7 और 4.0 तीव्रता के दो भूकंप महसूस किए गए। 5 मई को यहां 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था। लगातार आ रहे झटकों को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पाकिस्तान दुनिया के सबसे ज़्यादा भूकंप-प्रवण क्षेत्रों में से एक है। यह देश यूरेशियन प्लेट और इंडियन प्लेट के बीच स्थित है।
बलूचिस्तान, संघीय प्रशासित जनजातीय क्षेत्र (FATA), गिलगित-बाल्टिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा यूरेशियन प्लेट पर स्थित हैं। वहीं, पंजाब, पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर और सिंध इंडियन प्लेट पर हैं।
इस कारण आते है भूकंप-
पृथ्वी मुख्य रूप से चार परतों से बनी है। ये चार परतें हैं इनर कोर, आउटर कोर, मेंटल और क्रस्ट। क्रस्ट और ऊपरी मेंटल मिलकर लिथोस्फीयर बनाते हैं। यह लगभग 50 किलोमीटर मोटी परत कई भागों में बंटी हुई है जिन्हें टेक्टोनिक प्लेट्स कहते हैं। ये प्लेट्स अपनी जगह पर हिलती रहती हैं और जब ये हिलना तेज़ हो जाता है तो भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।

