Site icon Dainik Savera Times

Pahalgam Terror Attack : भारत 24 से 36 घंटे के अंदर PAK पर कर सकता है सैन्य कार्रवाई… Pakistan के सूचना मंत्री का बड़ा दावा

Pakistan Information Minister claims

Pakistan Information Minister claims

नेशनल डेस्क : पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया कि भारत अगले 24 से 36 घंटे के अंदर पाकिस्तान पर सैन्य कार्रवाई कर सकता है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने बुधवार को अपने एक्स अकाउंट पर एक बयान जारी किया। उन्होंने अपने बयान में कहा, ‘पाकिस्तान को पुख्ता जानकारी मिली है कि भारत अगले 24-36 घंटों में पहलगाम घटना के आधार पर पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने की योजना बना रहा है।’

पाकिस्तान खुद आतंकवाद का शिकार रहा है

उन्होंने आगे कहा, ‘पाकिस्तान खुद आतंकवाद का शिकार रहा है और इस समस्या के दर्द को भली-भांति समझता है। हमने हमेशा आतंकवाद की हर रूप में निंदा की है, चाहे वह कहीं भी हो। एक जिम्मेदार देश के रूप में पाकिस्तान ने सच्चाई का पता लगाने के लिए एक निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच आयोग द्वारा जांच की पेशकश की थी। दुर्भाग्यवश, भारत ने तर्कसंगत रास्ता अपनाने के बजाय तर्कहीनता और टकराव का खतरनाक रास्ता चुना है, जिसके पूरे क्षेत्र और उससे बाहर विनाशकारी परिणाम होंगे। विश्वसनीय जांच से बचना भारत के असली मंसूबों को उजागर करने के लिए पर्याप्त सबूत है।’

जिम्मेदारी पूरी तरह भारत पर होगी

सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने धमकी देते हुए कहा कि पाकिस्तान दोहराता है कि भारत की किसी भी सैन्य दुस्साहस का निश्चित और निर्णायक तरीके से जवाब दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस वास्तविकता के प्रति सजग रहना चाहिए कि बढ़ते तनाव और इसके परिणामों की जिम्मेदारी पूरी तरह भारत पर होगी। हमारा राष्ट्र हर कीमत पर पाकिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने के अपने संकल्प को दोहराता है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के ठीक एक सप्ताह बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने आतंकवाद पर करारा प्रहार करने के लिए सेना को खुली छूट दे दी है। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान के साथ ही सेना, नौसेना तथा वायु सेना के प्रमुख भी मौजूद थे।

Exit mobile version