Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान ने जारी किया पहला पांडा बॉन्ड, AIIB और ADB ने दिया समर्थन

China News

China News

15 मई को एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (AIIB) और एशियाई विकास बैंक (ADB) ने चीन में पाकिस्तान के पहले आरएमबी-मूल्यवर्गित पांडा बॉन्ड के सफल निर्गमन के लिए ऋण गारंटी प्रदान की।

यह बॉन्ड अपतटीय पूंजी बाज़ार में पाकिस्तान का पहला संप्रभु बॉन्ड भी है। इसकी कुल राशि 1.75 अरब आरएमबी है, परिपक्वता अवधि तीन वर्ष की है और कूपन दर 2.5 प्रतिशत रखी गई है। इस बॉन्ड को उम्मीद से पांच गुना अधिक सदस्यता मिली। जुटाई गई धनराशि का उपयोग पाकिस्तान में सतत और जलवायु-लचीले हरित अवसंरचना विकास के लिए किया जाएगा। खासतौर पर जल, ऊर्जा और स्वच्छता क्षेत्रों में इस राशि से सहायता मिलेगी।

AIIB और ADB द्वारा दी गई बिना शर्त और अपरिवर्तनीय आंशिक गारंटी से बॉन्ड की क्रेडिट रेटिंग मजबूत हुई है और निर्गमन लागत भी कम हुई है। यह कदम दिखाता है कि बहुपक्षीय सहयोग ढांचे के तहत अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थान विकासशील देशों को नए वित्तपोषण स्रोत उपलब्ध कराने में सकारात्मक भूमिका निभा रहे हैं। इस गारंटी व्यवस्था से निजी पूंजी निवेश को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, यह अंतरराष्ट्रीय पूंजी बाज़ार में पाकिस्तान के वित्तपोषण स्रोतों में विविधता लाने की रणनीति को भी समर्थन देगा।

AIIB के मुख्य निवेश अधिकारी कॉन्स्टेंटिन लिमिटोव्स्की ने कहा कि यह बॉन्ड निर्गमन निजी पूंजी जुटाने और सदस्य देशों को नए वित्तपोषण समाधान उपलब्ध कराने में AIIB की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पहले पांडा बॉन्ड को समर्थन देकर AIIB सतत अवसंरचना वित्तपोषण तक उसकी पहुंच बढ़ाने और दीर्घकालिक आर्थिक विकास को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बताया गया है कि यह परियोजना हरित अवसंरचना, प्रौद्योगिकी-आधारित अवसंरचना और निजी पूंजी जुटाने जैसे क्षेत्रों में AIIB की व्यावसायिक प्राथमिकताओं के अनुरूप है। साथ ही, यह जलवायु लचीलापन, ऊर्जा दक्षता, जल सुरक्षा और बुनियादी सार्वजनिक सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने संबंधी पाकिस्तान की राष्ट्रीय विकास रणनीति का भी समर्थन करती है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version